Earthquake : जापान में 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी, तटीय इलाकों को तुरंत खाली करने के निर्देश
उत्तर-पूर्वी जापान में सोमवार को 7.5 तीव्रता का भीषण भूकंप आने के बाद हड़कंप मच गया है। भूकंप के शक्तिशाली झटकों को देखते हुए प्रशासन ने 3 मीटर (लगभग 10 फुट) तक की ऊंची सुनामी लहरें उठने की चेतावनी जारी की है। जापान दुनिया के सबसे संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्रों में से एक है। यह 'रिंग ऑफ फायर' पर स्थित है, जहाँ कई टेक्टोनिक प्लेट्स आपस में मिलती हैं। दुनिया में होने वाली कुल भूकंपीय गतिविधियों का लगभग 18 प्रतिशत हिस्सा अकेले जापान में दर्ज किया जाता है, जहाँ हर साल औसतन 1,500 भूकंप आते हैं।
इवाते प्रांत बना भूकंप का केंद्र
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 4:53 बजे इवाते प्रान्त के प्रशांत तट पर आया। यह झटका इतना जबरदस्त था कि केंद्र से सैकड़ों किलोमीटर दूर राजधानी टोक्यो की इमारतें भी हिल गईं।
प्रशासन की अपील- तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाएं
JMA ने चेतावनी दी है कि सुनामी की पहली लहरें उत्तरी तट के कुछ हिस्सों में किसी भी वक्त टकरा सकती हैं। एजेंसी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि तटीय और नदी वाले क्षेत्रों से तुरंत हटकर सुरक्षित स्थानों या ऊँची इमारतों पर शरण लें। सुनामी की लहरें बार-बार आ सकती हैं, इसलिए जब तक चेतावनी वापस न ली जाए, सुरक्षित स्थान न छोड़ें।
सरकार ने संभाली कमान
प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने बताया कि सरकार ने 'क्राइसिस मैनेजमेंट टीम' का गठन कर दिया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 'चेतावनी वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोग कृपया तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर चले जाएं। फिलहाल सार्वजनिक प्रसारक NHK के लाइव फुटेज में इवाते के बंदरगाहों पर तत्काल किसी बड़े नुकसान के संकेत नहीं मिले हैं। अधिकारी अभी भी जान-माल की क्षति की पुष्टि करने में जुटे हैं। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें