गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Jakarta, terrorist attack, blast in Jakarta, serial blast,
Written By
Last Modified: गुरुवार, 14 जनवरी 2016 (19:54 IST)

जकार्ता में ‘स्टारबक्स’ कैफे पर हमला, सात लोगों की मौत

जकार्ता में ‘स्टारबक्स’ कैफे पर हमला, सात लोगों की मौत - Jakarta, terrorist attack, blast in Jakarta, serial blast,
जकार्ता। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आज हमलावरों ने एक ‘स्टारबक्स’ कैफे को निशाना बनाकर हमला किया और इसके बाद पुलिस के साथ उनकी मुठभेड़ हुई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में पांच हमलावर और दो नागरिक मारे गए। इस हमले में 10 लोग घायल भी हुए हैं। इससे पहले हॉल के हफ्तों में पुलिस ने कई बार चेतावनी दी थी कि इस्लामी आतंकवादियों की साजिश किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की है।
जकार्ता में सारीनाथ शॉपिंग माल के पास आज यह घटना हुई। यह स्थान राष्ट्रपति आवास और अमेरिकी दूतावास से बहुत दूर नहीं है। पांच घंटों के बाद पुलिस ने उस क्षेत्र को सुरक्षित घोषित कर दिया।
 
जकार्ता पुलिस प्रवक्ता कर्नल मुहम्मद इकबाल ने कहा, ‘हमें लगता है कि सारीनाथ के आसपास अब और हमलावर नहीं हैं।’ राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता जनरल एंतन चार्लियान ने कहा कि इस घटना में हमलावरों की संख्या ज्ञात नहीं है और वे हथगोलों तथा बंदूकों से लैस थे। उन्होंने कहा कि वे संभवत: इस्लामिक स्टेट समूह से थे। हालांकि उन्होंने इसका कोई सबूत नहीं दिया।
 
इंडोनेशिया में 2009 के बाद यह पहला बड़ा हमला है। 2009 की घटना में दो होटलों को निशाना बनाया गया था, जिसमें सात लोगों की मौत हुई थी जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इससे पहले 2002 में बाली द्वीप के एक रिजार्ट पर हमला हुआ था, जिसमें 202 लोग मारे गए थे। मृतकों में अधिकतर विदेशी नागरिक थे।
 
आज के हमले के लिए अभी तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है। इस हमले के बाद आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा सख्त कर दी गई है। जकार्ता की आबादी करीब एक करोड़ है। चार्लियान ने कहा कि पुलिस को नवंबर में इस्लामिक स्टेट समूह की चेतावनी के बारे में जानकारी मिली थी कि ‘इंडोनेशिया में कंसर्ट का आयोजन किया जाएगा’, जिसका अर्थ हमला था।
 
राष्ट्रपति जोको जोकोवी विदोदो ने टेलीविजन पर एक बयान में कहा कि इस कृत्य का स्पष्ट मकसद लोगों को दहशत में लाना और लोक व्यवस्था को बाधित करना है। वह जावा द्वीप की यात्रा पर थे। उन्होंने कहा कि वह तत्काल जकार्ता लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य और लोगों को डरना नहीं चाहिए तथा हमें ऐसे आतंकी कृत्यों से हराया नहीं जा सकता।
 
इस बीच एक बैंक के सुरक्षाकर्मी ने कहा कि उसने कम से कम पांच हमलावरों को देखा जिनमें से तीन ने कैफे में विस्फोट किया। सुरक्षाकर्मी ने उन्हें आतंकवादी हमलावर बताया लेकिन पुलिस प्रवक्ता चार्लियान ने इस बात से इनकार किया कि उन लोगों ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। उन्होंने कहा कि मारे गए दो नागरिकों में से एक डच नागरिक है जबकि एक इंडोनेशिया का है। घटनास्थल के आसपास कई महंगे होटल हैं। इसके अलावा कई उंची इमारतें और दूतावास भी हैं। (भाषा)