शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Independence Day
Written By
Last Updated :बीजिंग/वॉशिंगटन , सोमवार, 15 अगस्त 2016 (19:59 IST)

दुनियाभर में भारतीयों ने जोश के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस

दुनियाभर में भारतीयों ने जोश के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस - Independence Day
बीजिंग/वॉशिंगटन। दुनियाभर में भारतीयों ने सोमवार को देश का 70वां स्वतंत्रता दिवस जोश के साथ मनाया और भारतीय मिशनों में तिरंगा झंडा फहराया गया।
चीन, अमेरिका, थाईलैंड और सिंगापुर जैसे देशों में भारतीयों ने देशभक्ति के गीत गाए और स्वतंत्रता दिवस मनाने में भारत में लोगों का साथ दिया।
 
बीजिंग में भारतीय राजदूत विजय गोखले ने दूतावास परिसर में एक समारोह में तिरंगा झंडा फहराया। इस समारोह में बड़ी तादाद में भारतीय समुदाय के पेशेवरों के अलावा दूतावास के कर्मचारी अपने परिजनों के साथ शामिल हुए।
 
गोखले ने राष्ट्र के नाम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का संबोधन पढ़ा और इसके बाद देशभक्ति के गीत बजाए गए। शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता ने तिरंगा फहराया। इसी तरह का एक समारोह गुआंगझू में भारतीय वाणिज्य दूतावास में आयोजित किया गया।
 
अमेरिका में कैलीफोर्निया के फ्रेमोंट और न्यूजर्सी के एडिसन में व्यापक स्तर पर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया, जहां हजारों की संख्या में लोग इस समारोह में शामिल हुए। डलास, ह्यूस्टन, शिकागो, ओरलैंडो और मिनियापोलिस जैसे शहरों में सामुदायिक संगठनों ने स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए सप्ताहांत पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए।
 
दक्षिण-पूर्व एशिया में भारतीय मिशनों में देशभक्ति का जोश देखा गया, जहां सैकड़ों की तादाद में भारतीय नागरिक और भारत प्रेमी लोग एकत्र हुए। बैंकॉक में भारतीय राजदूत भवंत सिंह बिश्नोई ने कहा कि 2016 हमारे द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक अति महत्वपूर्ण वर्ष रहा है। थाईलैंड, भारत के ‘सबसे करीबी’ मित्रों में से एक रहा है। बिश्नोई के इस संबोधन को सुनने के लिए 500 से अधिक लोग एकत्र हुए थे।
 
थाईलैंड के अलावा वियतनाम, सिंगापुर, मलेशिया, यांगून, लाओस, कंबोडिया, फिलीपीन्स, इंडोनेशिया और ब्रुनेई में भी सैकड़ों की संख्या में भारतीयों ने राष्ट्रभक्ति गीतों के बीच स्वतंत्रता दिवस मनाया।
 
सिंगापुर में भारतीय उच्चायुक्त विजय ठाकुर ने करीब 600 भारतीयों के समक्ष राष्ट्र के नाम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का संदेश पढ़ा। स्थानीय भारतीय स्कूलों के बच्चों ने एक सांस्कृतिक शो में देशभक्ति गीत गाए और नृत्य प्रस्तुति दी।
 
कुआलालंपुर में भारतीय उच्चायुक्त टीएस त्रिमूर्ति ने इंडिया हाउस में तिरंगा झंडा फहराया। करीब 350 लोग इस समारोह में शामिल हुए। हनोई में भारतीय समुदाय से 250 सदस्य ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए। राजदूत पी. हरीश ने राष्ट्र के नाम राष्ट्रपति का संदेश पढ़ा।
 
ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न, सिडनी और पर्थ में भारतीय वाणिज्य दूतावास के अलावा कैनबरा में भारतीय उच्चायोग में भी किया गया। भारतीय उच्चायुक्त नवदीप सिंह सूरी ने कहा कि हमारा 70वां स्वतंत्रता दिवस हमारे इतिहास में एक बहुत महत्वपूर्ण समय पर आया है। पिछले 2 सालों में भारत को विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में पहचान मिली है।
 
काहिरा में मिस्र में भारत के राजदूत संजय भट्टाचार्य ने तिरंगा झंडा फहराया, जहां भारतीय समुदाय के लोग और भारत प्रेमी लोगों ने राष्ट्रगान गाया। यह कार्यक्रम जमालेक में इंडिया हाउस परिसर में आयोजित किया गया।
 
इसराइल में भारत के राजनयिक पवन कपूर ने राष्ट्रीय झंडा फहराया और वहां रह रहे भारतीय लोगों से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने का आह्वान किया। (भाषा)