Imran khan : आधी रात इमरान खान की आंखों का ऑपरेशन, बहन के साथ हादसा
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की दाहिनी आंख की रोशनी अब महज 15 प्रतिशत बची है। इमरान खान की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए कड़ी सुरक्षा के बीच आधी रात को अडियाला जेल से इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी आंख की रोशनी सुधारने के लिए एंटी-वीईजीएफ़ इंजेक्शन की दूसरी डोज लगाई। जांच के बाद उन्हें जरूरी सुझाव देकर वापस जेल भेज दिया गया।
संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने कहा कि सरकार ने सभी कानूनी और मानवीय दायित्व निभाते हुए खान को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि पहले इंजेक्शन के बाद उनकी आंखों की रोशनी में सुधार देखा गया था, इसलिए डॉक्टरों ने दूसरी डोज़ की सलाह दी। तीसरा इंजेक्शन 24 मार्च को दिया जाएगा।
बहन के साथ हादसा
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान की बहन नूरीन नियाजी के साथ दुखद हादसा हुआ है। हादसा उस वक्त हुआ जब नूरीन अडियाला जेल के बाहर एक निर्माणाधीन नाले में गिरने से घायल हो गईं। यह घटना तब हुई जब नूरीन नियाजी अपने भाई इमरान खान से मिलने जेल जा रही थीं।
परिवार ने उठाए सवाल
दूसरी तरफ इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) और परिवार ने इलाज में पारदर्शिता की मांग की है। उनकी बहन अलीमा खानम ने मीडिया से कहा कि उन्हें सरकारी अस्पताल की रिपोर्ट पर भरोसा नहीं है और किसी भी मेडिकल प्रक्रिया से पहले परिवार को सूचित किया जाना चाहिए। पार्टी ने उन्हें निजी अस्पताल शिफा इंटरनेशनल में इलाज कराने की मांग दोहराई। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें