शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Controversial remarks of BJP leader condemned in Saudi Arabia
Written By
Last Updated : सोमवार, 6 जून 2022 (11:53 IST)

BJP नेता की विवादित टिप्पणी की सऊदी अरब में निंदा, 3 देशों ने किया भारतीय राजदूतों को तलब

BJP नेता की विवादित टिप्पणी की सऊदी अरब में निंदा, 3 देशों ने किया भारतीय राजदूतों को तलब - Controversial remarks of BJP leader condemned in Saudi Arabia
भारत में पैगंबर मोहम्मद पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद अब इसका विरोध सऊदी अरब में भी हो रहा है। बता दें  कि हाल ही में विवादित बयान के बाद भाजपा ने अपनी राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया।

इधर ईरान और कुवैत के बाद अब सऊदी अरब ने भी पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता की विवादित टिप्पणियों की सोमवार को आलोचना की। वहां से बयान आया कि सभी से ‘आस्थाओं एवं धर्मों का सम्मान’ किया जाना चाहिए।

सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करके भाजपा प्रवक्ता की टिप्पणियों की निंदा की और कहा कि इनसे पैगंबर मोहम्मद का अपमान हुआ है।

बता दें कि दिल्ली में भाजपा ने पैगंबर मोहम्मद पर दिए गए विवादित बयानों के लिए अपनी राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा को रविवार को पार्टी से निलंबित कर दिया है। वहीं, दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को पार्टी नेतृत्व ने भाजपा से निष्कासित करने का फैसला लिया।

सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने ‘इस्लाम धर्म के प्रतीकों के खिलाफ पूर्वाग्रहों के प्रति अपनी अस्वीकृति’ को दोहराया। उसने सभी पूजनीय लोगों एवं चिह्नों के खिलाफ पूर्वाग्रह को बढ़ावा देने वाली हर चीज को खारिज किया।

अपनी प्रवक्ता को निलंबित करने के भाजपा के कदम का स्वागत करते हुए मंत्रालय ने आस्थाओं एवं धर्मों के लिए सम्मान के आह्वान के सऊदी अरब के रुख को दोहराया। इससे पहले कतर, ईरान और कुवैत ने पैगंबर मोहम्मद के बारे में भाजपा नेता की विवादित टिप्पणियों को लेकर रविवार को भारतीय राजदूतों को तलब किया था। खाड़ी क्षेत्र के महत्वपूर्ण देशों ने इन टिप्पणियों की निंदा करते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी।