Updated: Tue, 13 Oct 2026 (17:31 IST)
भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। चीन ने लद्दाख में 28 रणनीतिक स्थानों और भौगोलिक क्षेत्रों के मानकीकृत नाम तय करने के भारत के फैसले पर कड़ा विरोध जताया है। भारत ने 2 अक्टूबर को इन जगहों के नाम आधिकारिक तौर पर तय किए थे। इसे लेकर चीन भड़क गया है।इनमें गोगरा और हॉट स्प्रिंग जैसे इलाके भी शामिल हैं, जहां 2020 में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच तनाव हुआ था।
बीजिंग ने दावा किया है कि भारत-चीन सीमा के पश्चिमी क्षेत्र में संबंधित इलाके चीन के हैं। हालांकि, भारत के इस कदम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों की आधिकारिक पहचान और मानचित्रण को व्यवस्थित करना है। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बीजिंग में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारत के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चीन तथाकथित मानकीकृत नामों की घोषणा का विरोध करता है। माओ के मुताबिक, भारत का यह कदम अवैध और अमान्य है तथा इससे विवादित सीमा क्षेत्रों पर चीन के रुख में कोई बदलाव नहीं आएगा।
उन्होंने लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने पर भी चीन की पुरानी आपत्ति दोहराई। बीजिंग का कहना है कि वह भारत के इस फैसले को मान्यता नहीं देता। चीन के इन बयानों से दोनों देशों के बीच लद्दाख को लेकर जारी क्षेत्रीय विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
भारत ने 28 स्थानों को आधिकारिक रूप से किया चिह्नित
भारत के गृह मंत्रालय ने 2 अक्टूबर को लद्दाख के 28 रणनीतिक स्थानों और भौगोलिक विशेषताओं वाले क्षेत्रों की पहचान करते हुए उनके मानकीकृत नाम तय किए थे। इस सूची में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास स्थित गोगरा और हॉट स्प्रिंग जैसे महत्वपूर्ण स्थान भी शामिल हैं। सरकार ने यह कदम लद्दाख प्रशासन के परामर्श से उठाया। इसका उद्देश्य आधिकारिक मानचित्रण को व्यवस्थित करना, भौगोलिक स्थानों की सटीक पहचान सुनिश्चित करना और संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।
गोगरा और हॉट स्प्रिंग क्यों हैं महत्वपूर्ण?
गोगरा और हॉट स्प्रिंग पूर्वी लद्दाख के उन क्षेत्रों में शामिल हैं, जहां वर्ष 2020 में भारत और चीन की सेनाओं के बीच सीमा पर तनाव के दौरान टकराव की स्थिति बनी थी। वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास स्थित होने के कारण ये क्षेत्र सामरिक और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं।
पूर्वी लद्दाख में सैन्य गतिरोध मई 2020 में पैंगोंग झील क्षेत्र के पास भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद बढ़ गया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य और राजनयिक स्तर पर कई दौर की बातचीत हुई। वर्ष 2022 में कुछ टकराव वाले स्थानों से सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया भी शुरू हुई थी।
भारत की सूची में कौन-कौन से स्थान शामिल हैं?
लद्दाख में भारत की ओर से चिह्नित 28 स्थानों में गोगरा, हॉट स्प्रिंग, अलीशा गिरि पर्वत चोटी, ब्रांगसा, चापचिंगल दर्रा, कनिष्क चोटी, करुण पीर पर्वत, कुकसेल, मार्तंड गिरि, पारपिक हिमनद, स्कामरी हिमनद, शचमिरिक दर्रा, शकोरगा घाटी, जोरावर चोटी, देहरा कंपास और द्रक कारपो शामिल हैं।
इसके अलावा जलमोरी, कुमारायण पॉइंट, पांगलुंग, रिनचेन जांगपो, साक्यश्री गिरि, गुरु रिनपोछे, शामल लुंगपा, यांगपा नदी, मारपा लोत्सावा री, मिलारेपा कांगरी, शिव री और महेश्वर री के नाम भी सूची में हैं। शामल लुंगपा को 1950 के दशक में गश्त और सैनिकों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले मार्ग के रूप में भी जाना जाता है।
सीमा विवाद के बीच भारत का कदम क्यों अहम?
सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए मानकीकृत नाम तय करना आधिकारिक रिकॉर्ड, नक्शों और भौगोलिक पहचान को एकरूप बनाने की प्रक्रिया का हिस्सा है। चीन ने इस फैसले पर आपत्ति जताकर विवादित क्षेत्रों पर अपना दावा दोहराया है, लेकिन किसी स्थान का नाम आधिकारिक रूप से तय करना अपने आप में सीमा विवाद का समाधान नहीं है। इस घटनाक्रम के बीच लद्दाख में भारत और चीन के बीच सीमा संबंधी मतभेद एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
भारत की चीन को दो टूक- इनकार से हकीकत नहीं बदलेगी
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को फिर दोहराया कि लद्दाख भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। मंत्रालय ने कहा कि चीन के इनकार करने से यह स्थापित तथ्य नहीं बदल सकता। भारत ने ये भी साफ किया है कि बीजिंग के इनकार करने से 'हकीकत नहीं बदलने वाली' है। लद्दाख पर चीन की टिप्पणियों के बारे में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए, विदेश मंत्रालय (MEA) के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम फिर से दोहराते हैं कि लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश भारत का एक अभिन्न और अटूट हिस्सा है। चीन के इनकार करने से यह स्थापित तथ्य नहीं बदल सकता।
जायसवाल ने आगे कहा कि जहां तक भारत सरकार के गृह मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति का सवाल है, जिसका जिक्र किया जा रहा है, वह अपने आप में स्पष्ट है। इस घोषणा में बताया गया है कि लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश में मौजूद 28 जगहों/विशेषताओं की पहचान 'सर्वे ऑफ इंडिया' के आधिकारिक नक्शे पर मानक नामों के साथ की गई है, और यह काम लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश और स्थानीय हितधारकों के साथ बातचीत करके किया गया है। लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के 'सर्वे ऑफ इंडिया' के नक्शे पर इन जगहों की औपचारिक रूप से पहचान करने का मकसद उनकी सही पहचान और आम जनता के बीच बेहतर जागरूकता को बढ़ावा देना है।