शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Barack Obama, US President, Michelle Obama,
Written By
Last Modified: वॉशिंगटन , शनिवार, 9 जनवरी 2016 (10:48 IST)

बंदूक पीड़ितों के लिए सीट खाली छोड़ेंगे ओबामा

बंदूक पीड़ितों के लिए सीट खाली छोड़ेंगे ओबामा - Barack Obama, US President, Michelle Obama,
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि अगले सप्ताह जब वे अपना वार्षिक संबोधन देंगे तो प्रथम महिला मिशेल ओबामा के ‘गेस्ट बॉक्स’ में एक सीट बंदूक की हिंसा का शिकार बने पीड़ितों के सम्मान में खाली छोड़ी जाएगी।


व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति ने घोषणा की कि प्रथम महिला की स्टेट ऑफ यूनियन के ‘गेस्ट बॉक्स’ में एक सीट बंदूक हिंसा का शिकार बने उन पीड़ितों के लिए खाली छोड़ी जाएगी जिनके पास अब कोई आवाज नहीं है। ऐसा इसलिए किया जाएगा, क्योंकि अब यह जरूरी है कि हम सब लोग उनके लिए आवाज उठाएं। उनकी कहानियां कहें। उनकी यादों को सम्मान दें।

ओबामा ने बंदूक सुरक्षा पर चर्चा करने के लिए शुक्रवार को 20 हजार से ज्यादा समर्थकों के साथ एक कॉन्फ्रेंस कॉल पर यह घोषणा की। उन्होंने इन समर्थकों को उन कदमों के बारे में भी बताया, जो उन्होंने अमेरिका में बंदूक हिंसा को कम करने और समुदायों को सुरक्षित बनाने में मदद करने के लिए उठाए हैं।

व्हाइट हाउस ने कहा कि यह फैसला हमारे हर प्रतिनिधि को यह याद दिलाने के लिए लिया गया है कि इसके बारे में कुछ करने की जिम्मेदारी उनकी है। यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है कि स्टेट ऑफ यूनियन संबोधन के दौरान प्रथम महिला के साथ एक प्रतिष्ठित मेहमान को बैठने के लिए बुलाया जाता है।

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' में इस सप्ताह एक लेख में ओबामा ने कहा था कि अमेरिका में बंदूक हिंसा एक महामारी की तरह फैल रही है, जो कि एक संकट है। (भाषा)