1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. air india delhi riyadh flight turned back akasa air cancels flights

दिल्ली-रियाद Air India फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी, Akasa Air ने भी उड़ानें रद्द कीं, रियाद एयरपोर्ट ने जारी की चेतावनी

Air India Riyadh Flight
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में बदलती सुरक्षा स्थिति के बीच भारत से आने-जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। दिल्ली से रियाद जा रही Air India की एक फ्लाइट गुरुवार को बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौट आई। वहीं, Air India, Air India Express और Akasa Air ने रियाद से जुड़ी कुछ उड़ानों को निलंबित या रद्द कर दिया है।
खबरों के मुताबिक सऊदी अरब के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत कई ठिकानों पर हुए भीषण हूती हमलों के बाद सुरक्षा कारणों से दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की उड़ान (AI2243) को अरब सागर के ऊपर से वापस दिल्ली मोड़ दिया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद की उड़ानें 10 अक्टूबर रद्द कर दी है। क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को लेकर फैसला लिया गया है। टिकट रद्द करने पर पूरा पैसा मिलेगा।

करीब दो घंटे उड़ने के बाद दिल्ली लौटी फ्लाइट

 
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, Air India की फ्लाइट AI2243 ने गुरुवार को करीब दोपहर 2:40 बजे दिल्ली से रियाद के लिए उड़ान भरी थी। करीब दो घंटे उड़ान भरने के बाद विमान ने वापस दिल्ली का रुख किया। विमान करीब शाम 6:45 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस उतरा। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब रियाद एयरपोर्ट पर हूती हमले की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, इस कथित हमले की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

रियाद एयरपोर्ट ने यात्रियों को किया अलर्ट

 
रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने यात्रियों को क्षेत्रीय घटनाक्रम और हवाई क्षेत्र से जुड़े प्रतिबंधों के कारण उड़ानों में बदलाव की चेतावनी दी है। एयरपोर्ट ने कहा है कि कुछ उड़ानों में देरी हो सकती है, समय बदला जा सकता है या उड़ानें रद्द भी हो सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें।
 

Air India और Air India Express ने रियाद की उड़ानें रोकीं

 
सूत्रों के अनुसार, Air India और Air India Express ने फिलहाल रियाद से आने-जाने वाली अपनी उड़ानें निलंबित कर दी हैं। हालांकि, Air India की ओर से अभी तक इस निलंबन को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस बीच Akasa Air ने भी गुरुवार को कोच्चि-रियाद और रियाद-कोच्चि की उड़ानें रद्द कर दीं।
 

Akasa Air ने यात्रियों को दिया रिफंड और रीशेड्यूल का विकल्प

 
Akasa Air ने गुरुवार शाम करीब 6 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि रियाद में बदलती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए उसने कोच्चि से रियाद जाने वाली QP 523 और रियाद से कोच्चि आने वाली QP 524 उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को पूरी रकम वापस लेने या बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा को रीशेड्यूल करने का विकल्प दिया है। Akasa Air ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और किसी भी बदलाव की जानकारी यात्रियों को आगे दी जाएगी।

यात्रियों की सुरक्षा को बताया प्राथमिकता

रियाद में सुरक्षा स्थिति और हवाई क्षेत्र से जुड़े प्रतिबंधों के बीच एयरलाइंस अपने परिचालन की समीक्षा कर रही हैं। Akasa Air ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में रियाद की यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें।

भारत ने जारी की एडवाइजरी 

भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को खाड़ी देश में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के बीच सतर्क रहने, जरूरत पड़ने पर घरों में रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। रियाद में भारतीय दूतावास का यह परामर्श सऊदी अरब और ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के बीच हाल ही में बढ़ी दुश्मनी के बीच आई है।
अगला लेख
UP में योगी सरकार की Industrial Policy का असर! 3 साल में फैक्ट्री पंजीकरण दोगुने से ज्यादा, 50 हजार से अधिक रोजगार