बुधवार, 17 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Air France
Written By
Last Updated :पेरिस , रविवार, 20 दिसंबर 2015 (23:41 IST)

फ्रांस के विमान में बम से सनसनी!

फ्रांस के विमान में बम से सनसनी! - Air France
पेरिस। कार्ड बोर्ड और घड़ी से बने एक संदिग्ध उपकरण ने एयर फ्रांस के विमान में रविवार को बम की अफवाह फैला दी और उसे आपात स्थिति में केन्या में उतरने को मजूबर कर दिया।
 
बोइंग 777 मॉरीशस से 459 यात्रियों और चालक दल के 14 सदस्यों को लेकर पेरिस जा रहा था। उसी दौरान एक यात्री ने चालक दल के सदस्य को शौचालय में पड़ी इस वस्तु की जानकारी दी।
 
एयर फ्रांस के मुख्य कार्यकारी फ्रेडरिक गैगी ने पेरिस में बताया, विश्लेषण के बाद पता चला है कि यह (बम की अफवाह) गलत सूचना थी। उन्होंने कहा, फिलहाल हमारे पास जितनी भी सूचनाएं उपलब्ध हैं, दिखाती हैं कि उपकरण ऐसा विस्फोट करने में सक्षम नहीं था जिससे विमान को क्षति पहुंच सके, बल्कि वह कार्ड बोर्ड, कागज के टुकड़ों और टाइमर से बना हुआ था। 
 
उन्होंने कहा, नतीजा यह है कि शौचालय के आलमारी में वह वस्तु एक यात्री ने रखी थी। नवंबर में पेरिस में हुए जिहादी हमलों में 130 लोगों की मौत के बाद से ही फ्रांस हाईअलर्ट पर है और अतिरिक्त सुरक्षा सतर्कता बरतने वाले देशों में शामिल है।
 
पेरिस हमलों की जिम्मेदारी लेने वाले इस्लामिक स्टेट ने जब से अक्‍टूबर में मिस्र में रूसी विमान को मार गिराने की बात कही है, विमानन कंपनियां काफी परेशान हैं। इस रूसी विमान हादसे में उसमें सवार सभी 224 लोग मारे गए थे।
 
गैगी ने कहा कि हमलों के बाद से अमेरिका में एयर फ्रांस के विमानों में तीन बार बम होने की अफवाह आई है। विमान एयर फ्रांस 463 ने शनिवार रात नौ बजे मॉरीशस से उड़ान भरी और उसे रविवार सुबह पांच बजकर पचास मिनट पर पेरिस पहुंचना था।
 
केन्या पुलिस के प्रवक्ता चार्ल्स ओविनो ने बताया कि विमान ने रात बारह बजकर सैंतीस मिनट पर केन्या के मोमबासा शहर के मोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरने की अनुमति मांगी। 
 
ओविनो ने कहा, विमान के शौचालय में बम जैसा एक संदिग्ध यंत्र बरामद होने के बाद आपात लैंडिंग कराए जाने का अनुरोध किया गया था। (भाषा)