1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. This picture reveals how we make fools of the people of Indore

महापौर- विधायक की ये तस्‍वीर बता रही है हम इंदौर की जनता को कैसे मूर्ख बनाते हैं

दो दिन में बदल गई इंदौर की राजनीति की स्‍क्रिप्‍ट, कल नाराज थे आज गलबहियां, जनता वहीं की वहीं

indore water crisis
दो दिन पहले विधानसभा क्रमांक-5 के विधायक महेंद्र हार्डिया इंदौर में पानी नहीं मिलने से नाराज होकर एक कार्यक्रम छोडकर चले गए थे, इसके बाद उन्‍हानें जनता की परेशानी को समझते हुए कहा था कि अगर पानी नहीं मिलेगा तो वे रोजाना महापौर पुष्‍यमित्र भार्गव के निवास के सामने जाकर बैठेंगे।

शहर में चर्चा हो रही थी कि कम से कम सत्‍ता पक्ष के ही विधायक ने लोगों की परेशानी को समझा। लेकिन सिर्फ 24 घंटे में इंदौर की राजनीति 360 डिग्री बदल गई। बुधवार को वही विधायक हार्डिया इंदौर महापौर भार्गव के गले में हाथ डालते हुए, हंसते हुए गलबहियां करते नजर आए। कुछ ही घंटों में सुर पूरी तरह से बदल गए। जनता फिर से ठगी सी रह गई, क्‍योंकि तस्‍वीरें साफ बता रही है कि इंदौर की राजनीति कैसे आम जनता को मूर्ख बनाती है।
इतना ही नहीं, जो विधायक महेंद्र हार्डिया दो दिन पहले पानी वितरण नहीं होने से जमकर नाराज हो रहे थे, उन्‍होंने आज यहां तक कह दिया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम की टीम लगातार दिन-रात मेहनत कर रही है, जिसके कारण शहर में पानी का वितरण सुचारु रूप से हो रहा है। जबकि दो दिन पहले अमृत-2 योजना के तहत बनने वाली पानी की टंकियों को लेकर विधायक हार्डिया खासे नाराज थे।

क्‍या थी राजनीति की पुरानी स्‍क्रिप्‍ट : दो दिन पहले इंदौर में जल संकट और पानी की टंकी बनाने को लेकर भाजपा के विधायक हार्डिया और शहर के महापौर पुष्‍यूमित्र भार्गव आमने-सामने नजर आए थे। विधायक महेंद्र हार्डिया ने विधानसभा क्रमांक-5 के साथ भेदभाव और पानी की टंकियों को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। कहा था कि जनता का पानी नहीं मिला तो महापौर निवास पर डेरा डालूंगा। लेकिन कुछ ही घंटों में मन बदल गया और बुधवार को वे भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के साथ महापौर पुष्यमित्र भार्गव के निवास पहुंचे और जल वितरण व्यवस्था की खुलकर सराहना की।

पहले क्‍या आरोप थे विधायक हार्डिया के : बता दें कि विधायक हार्डिया दो दिन पहले अमृत-2 योजना के तहत बनने वाली पानी की टंकियों को लेकर विधायक हार्डिया खासे नाराज थे। उनका आरोप था कि शहर में 40 टंकियां बनाई जा रही हैं, लेकिन विधानसभा-5 को सिर्फ एक टंकी दी गई। बताया गया कि जल संकट और आधी भर रही टंकियों को लेकर हार्डिया के समर्थक पार्षद प्रदर्शन की तैयारी में थे। यह बात इतनी बढ़ी कि एक भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान भी तनाव की स्थिति बन गई और विधायक नाराज होकर कार्यक्रम छोड़कर चले गए। वहीं महापौर पक्ष का कहना था कि विधानसभा-5 में पहले भी सबसे ज्यादा टंकियां बनाई गई हैं और नई टंकियों को लेकर विधायक से लोकेशन भी मांगी गई थी।

नगर निगम और महापौर की तारीफ : अब बुधवार को हार्डिया और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा महापौर निवास पहुंचे। जहां जल संकट और वितरण व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान विधायक हार्डिया ने कहा कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम की टीम लगातार दिन-रात मेहनत कर रही है, जिसके कारण शहर में पानी का वितरण सुचारु रूप से हो रहा है।

इंदौर की जनता रह गईं ठगी सी : महज दो दिनों में बदली इस तस्‍वीर ने पूरी राजनीति बयां कर दी। दो दिन पहले विधानसभा 5 की जनता इस बात से खुश थी कि उनके विधायक ने उनकी तकलीफ को समझा और पानी के लिए आवाज उठाई। लेकिन दो ही दिन में समझ आ गया कि जनता की समस्‍या अलग बात है और राजनीति अलग। दो ही दिन में इंदौर की राजनीति की स्‍क्रिप्‍ट पूरी तरह से बदल गई। कल जो विधायक महापौर से नाराज थे, आज वो उनसे गलबहियां करते और उनकी जल वितरण योजना की तारीफ करते दिखे। और जनता वहीं की वहीं अपनी तकलीफों के साथ ठगी से खड़ी रह गईं।
Indore water
क्‍या बाले विधायक : विधानसभा 5 के विधायक महेंद्र हार्डिया ने वेबदुनिया को बताया कि मेरी महापौर जी से मेरी बात हुई है, उनसे मुलाकात हुई है। एक दो दिन में पानी की समस्‍या ठीक हो जाएगी। लोगों को पर्याप्‍त पानी मिलेगा।

पूरे शहर में क्राइसिस है क्‍या करें : वार्ड 43 के पार्षद सुनीता सोनगरा के पति दिनेश सोनगरा ने बताया कि पूरे शहर में क्राइसिस है क्‍या करें। मैं खुद खजराना में रहता हूं, लेकिन पानी नहीं मिला कल। जहां मैं रहता हूं। 43 वार्ड में। एक पार्षद को 3 से 4 टैंकर मिलते हैं कैसे पूर्ति करेंगे। मैं खुद सुबह पांच बजे उठकर जाता हूं कि टंकी भर दो। सिर्फ 3 मीटर ही भरा रही है टंकी। कल भी अनुप नगर में लडकर पानी भरवाया। पहले कनाडिया, निपानिया और झलारिया में पानी सप्‍लाय नहीं होता था, अब वहां भी जा रहा है तो यहां दिक्‍कत आ रही है। जनसंख्‍या बढ गई है, किरायेदार लोगों की संख्‍या अलग है। कैसे पूर्ति करेंगे।

क्‍या कहते हैं रहवासी : विधानसभा 5 की रहवासी गरिमा शर्मा ने बताया कि दो दिन बाद आज पानी आया है। इलाके में बहुत परेशानी है। कई बार शिकायत की, लेकिन कुछ नहीं हो पाया। अभी भी लंबी गैप के बाद पानी आ रहा है।

न्‍यू पलासिया धोबीघाट के रहवासी अनुप कुमार ने बताया कि पानी नहीं मिल रहा है, 2 हजार में निजी टैंकर मंगाना पड रहा है। इसी तरह सुनीता गोस्‍वामी ने बताया कि पहले नगर निगम का टैंकर आ रहा था, अब वो भी बंद हो गया है, निजी टैंकर वाले 1200 से 1500 मांग रहे हैं। पानी के इतने पैसे देंगे तो खाएंगे क्‍या।    
लेखक के बारे में
नवीन रांगियाल
नवीन रांगियाल DAVV Indore से जर्नलिज्‍म में मास्‍टर हैं। वे इंदौर, भोपाल, मुंबई, नागपुर और देवास आदि शहरों में दैनिक भास्‍कर, नईदुनिया, लोकमत और प्रजातंत्र जैसे राष्‍ट्रीय अखबारों में काम कर चुके हैं। करीब 15 साल प्रिंट मीडिया में काम करते हुए उन्‍हें फिल्‍ड रिपोर्टिंग का अच्‍छा-खासा अनुभव है। उन्‍होंने अखबार.... और पढ़ें
अगला लेख
कौन हैं अभिजित दीपिके जिन्होंने बनाई कॉकरोच जनता पाटी, नारे से लेकर चुनाव चिन्ह तक सब कुछ खास