इंदौर के PNG पाइपलाइन ब्लास्ट कांड में पुलिस ने पार्षद सोनी को बनाया आरोपी, हाईकोर्ट को दी जानकारी
विजयनगर क्षेत्र में हुए अवंतिका गैस पाइप लाइन विस्फोट में पुलिस ने पार्षद बालमुकुंद सोनी को भी आरोपी बनाया गया है। मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान यह जानकारी सामने आई। पुलिस ने हाईकोर्ट के समय यह जानकारी रखी। हादसे के समय पार्षद सोनी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने ही बोरिंग के लिए स्थान तय किया था। निगम द्वारा प्रस्तुत की गई रिपोर्ट में भी यह उल्लेख है कि पार्षद द्वारा मौके पर बोरिंग कराया जा रहा था।
पिछली सुनवाई को इस मामले में जांच अधिकारी ने केस डायरी कोर्ट में पेश की थी, लेकिन हाईकोर्ट ने जांच की दिशा पर सवाल उठाए थे। हाईकोर्ट ने यह भी कहा था कि यदि जांच में ढिलाई बरती गई तो फिर दूसरी एजेंसी को जांच सौपने की जरुरत महसूस होगी। इसके बाद पुलिस की जांच में तेजी आई और पार्षद भी आरोपी बनाए गए। सुनवाई के दौरान बोरिंग मशीन और वाहन को मालिक के हवाले करने पर भी सवाल उठे। हाईकोर्ट को अफसरों ने बताया कि जिला कोर्ट से बोरिंग मशीन के सुपुर्दगीनामे के आदेश पारित हुए थे।

