1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Indore high-profile honeytrap may reveal the secrets of prominent politicians

इंदौर के हाईप्रोफाइल हनीट्रैप में खुल सकते हैं बड़े नेताओं के राज? दिल्‍ली इंटेलिजेंस ब्यूरो ने भी खोली जांच की फाइल

Honey trap
इंदौर के चर्चित हनीट्रैप में कई बड़े नेताओं के नाम सामने आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस कांड में गिरफ्तार की गई आरोपी महिलाओं के पास से कुछ बड़े नेताओं और अफसरों के अश्‍लील वीडियो भी बरामद किए गए हैं। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।

बता दें कि इंदौर में शराब कारोबारी चिंटू ठाकुर को धमकाने से जुड़े हनी ट्रैप-2 मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सागर निवासी रेशु उर्फ अभिलाषा और इंदौर पुलिस की इंटेलिजेंस विंग में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल विनोद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को मजिस्ट्रेट के बंगले पर पेश किया गया। वहां से कोर्ट ने उन्हें 25 मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा है।
सूत्रों के मुताबिक इस नेटवर्क में कई नेता, अफसर और बड़े कारोबारी जुड़े होने की आशंका है। अब तक इस केस में कथित लेडी तस्कर अलका दीक्षित, लाखन चौधरी, जयदीप, जितेंद्र पुरोहित, रेशु उर्फ अभिलाषा और मास्टरमाइंड श्वेता जैन समेत कई लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस को कई वीडियो भी मिले हैं जिनकी जांच की जा रही है।
राजनीति में रेशु का हस्‍तक्षेप : बता दें कि रेशु का राजनीति में भी अच्‍छा खासा दखल है। उसका नेटवर्क सागर, भोपाल, उज्जैन, इंदौर से लेकर दिल्ली तक फैला हुआ था। रेशु सागर में राजनीति में भी रह चुकी है। वह मूल रूप से सागर के मकरोनिया क्षेत्र की रहने वाली है। वह पढ़ाई के लिए ओमान गई थी। वहां उसने एक कारोबारी से शादी की, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया। भारत लौटने के बाद उसने राजनीति में सक्रियता बढ़ाई और सागर में यूपीएससी कोचिंग सेंटर भी संचालित किया।

सागर में विधायक से करीबी : पुलिस सूत्रों के मुताबिक सागर में एक विधायक से नजदीकियों को लेकर रेशु चर्चा में आई थी। बताया जाता है कि विधायक की पत्नी और परिजनों ने सार्वजनिक रूप से उसे फटकार भी लगाई थी। इसके बाद वह मकरोनिया क्षेत्र में कई संदिग्ध और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों के संपर्क में आ गई। जांच एजेंसियों को उसके दिल्ली में एक केंद्रीय राज्य मंत्री से करीबी संबंधों की भी जानकारी मिली है।

आईएएस अकादमी का संचालन : रेशु इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल में खुद को कभी यूपीएससी प्री परीक्षा क्वॉलिफाइड तो कभी एमपीपीएससी प्री-2016 पास-आउट बताती थी। कुछ प्रोफाइल में उसने रेवेन्यू सर्विस में चयनित होने का दावा भी किया। 2016 में उसने ब्रह्मपुत्र आईएएस अकादमी नाम से कोचिंग संस्थान भी शुरू किया था, जो कुछ समय बाद बंद हो गया।
सामने आ सकते हैं कई बड़े नाम : बताया जा रहा है कि पुलिस को रेशु के पास से कुछ बड़े नेताओं और अफसरों के अश्‍लील वीडियो मिले हैं। पुलिस पूरे कांड की जांच कर रही है। अगर सबकुछ नियमों से चला तो कई बड़े नेताओं और अफसरों के नाम सामने आ सकते हैं। इस हनीट्रैप के तार दिल्‍ली से भी जुड़े हैं, क्‍योंकि दिल्‍ली इंटेलिजेंस ब्यूरो ने भी इस मामले की जांच की फाइल खोली है और इंदौर पुलिस से कई तरह के अपडेट लिए हैं।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
सुरक्षा परिषद : ग़ाज़ा में ठप पड़ी शांति प्रक्रिया और भविष्य पर चर्चा