1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Hindu Federation Creates Major Ruckus at Lenskart Showroom in Indore

इंदौर में लेंसकार्ट शोरूम पर हिंदू फेडरेशन का जमकर हंगामा, चश्‍मे तोड़े, पूरे शहर के शोरूम के बहिष्‍कार का ऐलान

Indore news
इंदौर के विजयनगर के स्कीम-54 में स्थित लेंसकार्ट शोरूम के बाहर गुरूवार को जमकर हंगामा हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें महिलाएं भी मौजूद रहीं। प्रदर्शनकारियों ने महिला कर्मचारियों को तिलक लगाया और कहा कि वे बिना किसी डर के अपने धार्मिक प्रतीकों के साथ काम करें।

दरअसल, लेंसकार्ट की ड्रेस कोड नीति को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन मध्य प्रदेश ने इंदौर में कंपनी के शोरूम के बाहर प्रदर्शन किया है। इस दौरान बडी संख्‍या में भीड जमा हो गई। आसपास के लोगों और रहवासियों को कुछ समझ ही नहीं आया कि क्‍या हो गया है। काफी देर तक इसे लेकर गहमागहमी चलती रही।

लेंसकार्ट के चश्‍मे भी तोड़े : इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने लेंसकार्ट के चश्मों का बहिष्कार करते हुए उन्हें तोड़कर विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में सिद्धेश्वर धाम के पीठाधीश्वर स्वामी अतुल आनंद महाराज भी मौजूद रहे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कंपनी की आंतरिक नीति में कर्मचारियों को बिंदी, तिलक और कलावा जैसे हिंदू धार्मिक प्रतीकों के उपयोग पर रोक लगाई गई है, जबकि हिजाब को अनुमति दी गई है। उन्होंने इसे धार्मिक भेदभाव बताते हुए कड़ा विरोध जताया।

संजय अग्रवाल ने कहा कि यदि एक धर्म के प्रतीकों को अनुमति दी जा सकती है, तो अन्य धर्मों के प्रतीकों पर रोक लगाना उचित नहीं है। उन्होंने गुरुवार को इंदौर के सभी लेंसकार्ट शोरूम पर प्रदर्शन और पूरे मध्य प्रदेश में कंपनी के उत्पादों के बहिष्कार की घोषणा की।

क्‍या कहा लेंसकार्ट कंपनी ने : देशभर में विवाद बढ़ने पर कंपनी के संस्थापक व सीईओ पीयूष बंसल ने सफाई देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल दस्तावेज पुराना है और वर्तमान नीति में किसी भी धार्मिक प्रतीक पर कोई प्रतिबंध नहीं है। कंपनी ने नई स्टाइल गाइड जारी कर स्पष्ट किया कि बिंदी, तिलक, सिंदूर, कलावा, मंगलसूत्र, हिजाब और पगड़ी सहित सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतीकों की अनुमति है। साथ ही भ्रम के लिए खेद भी व्यक्त किया।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
वोटिंग के बीच सुवेंदू अधिकारी ने खेला हिंदू कार्ड, बोले- रोने लगी हिंदू शादीशुदा दीदी