गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. »
  3. व्रत-त्योहार
  4. »
  5. होली
Written By ND

रंगों से सरोबार करती रंगपंचमी

रंगों से सरोबार करती रंगपंचमी -
ND


फागुन महीना मस्ती का होता है। इस महीने में ही रंगों का सबसे प्यारा-सा त्योहार होली आता है। होली के साथ ही उन सभी रचनाओं की भी बरबस याद आ जाती है जो हमारे चेहरे पर मुस्कान लाती है। रंगों का यह त्योहार ऐसी रचनाओं के लिए ही जाना जाता है, जिनसे दूसरों को प्रसन्नता और उल्लास मिले

होली-रंगपंचमी के विविध रंग और प्रकृति का साथ भी जीवन में उमंगों का संचार करता है। इस त्योहार के समय प्रकृति अपने साथ मस्ती लाती है और यह मस्ती ही होली के रंगों के माध्यम से व्यंग्य और हास्यप्रधान रचनाओं का साथ पाकर जीवन में सरसता पैदा करती है। कुछ साहित्यकारों ने बताया कि वे हँसी और खुशी तथा इस महीने में क्या-क्या समानता महसूस करते हैं

इस बारे में एक साहित्यकार का कहना था कि होली और रंगपंचमी हँसी और खुशी का ही त्योहार है। इस दिन दिल के सारे गिले-शिकवे दूर होते हैं और प्रकृति भी उल्लास व्यक्त करती है। फागुन तो महीना ही हँसने और हँसाने का है और इसीलिए इस समय हास्य और व्यंग्यप्रधान रचना हर किसी की जुबाँ पर रहती है।

संबंधों की स्लेट पर प्रेम की नई इबारत लिखने का त्योहार है होली और ऐसे में तो हर रचना प्रसन्नतापूर्ण जान पड़ती है। रंगों का यह त्योहार हमें उल्लास के वातावरण में ले जाता है और हमारे मन की खिन्नता को मिटाता है। इस दिन हम रूठों को मना लेते हैं और कुछ ऐसा भी रच सकते हैं जो दूसरों को हँसा सके।

इसकी प्रेरणा फागुन से ही मिलती है। इस समय मन के बौराने की बात भी कही जाती है, जो आनंद की चरम अवस्था है और ऐसे में रचना का हास्यप्रधान होना बहुत स्वाभाविक है। कवि सम्मेलन और हास्य क्लब के आयोजन रंगों के इस दिवस 'रंगपंचमी' को मजेदार बना देते हैं।