मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का 65वें वर्ष में मंगल प्रवेश, अदालज त्रिमंदिर में किए दर्शन, PM मोदी ने दी दीर्घायु की शुभकामनाएं
Chief Minister Bhupendra Patel : गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आज अपने जीवन के 64 वर्ष पूरे कर 65वें वर्ष में कदम रख लिया है। राज्य के मुखिया के रूप में अपनी व्यस्त प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच भी उन्होंने अपने जन्मदिन की शुरुआत आध्यात्मिकता के साथ की। इस विशेष अवसर पर वे गांधीनगर के पास स्थित अदालज त्रिमंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान के दर्शन कर शीश झुकाया और आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऊन्हें शुभकामनाएं दी।
गुजरात के विकास के लिए प्रार्थना और नेताओं की शुभकामनाएं
जन्मदिन के मौके पर त्रिमंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रभु के चरणों में शीश नवाकर गुजरात की प्रगति, सुख और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने राज्य के विकास की गति को और तेज करने के संकल्प के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। इस शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश और राज्य के कई शीर्ष राजनीतिक नेताओं और गणमान्य हस्तियों ने उन्हें सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से बधाई संदेश भेजे हैं।
Best wishes to Gujarat Chief Minister Shri Bhupendrabhai Patel on his birthday. He is at the forefront of taking Gujarat to new heights of development and ensuring that the aspirations of the people are fulfilled. Praying for his long life and good health.@Bhupendrapbjp
— Narendra Modi (@narendramodi) July 15, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीं दीर्घायु की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए लिखा, गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्रभाई पटेल को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत बधाई। वे गुजरात को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में सबसे आगे रहकर नेतृत्व कर रहे हैं। मैं ईश्वर से उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।
अनुशासन, सादगी और सौम्य व्यक्तित्व का संगम
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अपनी लोकप्रियता के साथ-साथ बेहद अनुशासित और सादगीपसंद स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। सत्ता के सर्वोच्च शिखर पर होने के बावजूद बिना किसी तड़क-भड़क के, बेहद शांत तरीके से मंदिर जाकर जन्मदिन मनाना और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करना, उनके सौम्य और सरल व्यक्तित्व का एक बेहतरीन उदाहरण है। उनकी यही सादगी उन्हें आम जनता का पसंदीदा नेता बनाती है।
शुरुआती जीवन और इंजीनियरिंग से बिल्डर तक का सफर
भूपेंद्र पटेल का जन्म 15 जुलाई 1962 को अहमदाबाद के एक सामान्य परिवार में हुआ था। उन्होंने अहमदाबाद से ही अपनी माध्यमिक शिक्षा पूरी की और इसके बाद सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा की डिग्री हासिल की। सक्रिय राजनीति में पूरी तरह से कदम रखने से पहले, वे पेशे से एक सफल बिल्डर थे और निर्माण (Construction) व्यवसाय से जुड़े हुए थे।
कॉर्पोरेटर से सीधे गुजरात के 17वें मुख्यमंत्री तक
उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत स्थानीय स्वशासन (नगर निकाय) से की थी, जिसमें उन्होंने अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (AMC) में स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
इसके बाद साल 2017 में वे भाजपा के टिकट पर घाटलोडिया सीट से रिकॉर्ड मतों से विधानसभा चुनाव जीते। साल 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के इस्तीफे के बाद पार्टी ने उनकी सादगी और प्रशासनिक सूझबूझ पर भरोसा जताते हुए उन्हें गुजरात के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की कमान सौंपी थी।

