मंगलवार, 10 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. गुजरात
  4. HPV vaccination begins in Gujarat, more than 5 lakh adolescent girls will get protection
Last Updated : सोमवार, 2 मार्च 2026 (21:27 IST)

गुजरात में HPV टीकाकरण का शुरू, 5 लाख से ज्यादा किशोरियों को मिलेगा सुरक्षा कवच

HPV vaccination in Gujarat
HPV vaccination in Gujarat: गुजरात सरकार और केंद्र सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आज से राज्यभर में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) के विरुद्ध टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हुआ है। इस महाअभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरियों को HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका लगाना शुरू किया गया है। पूरे गुजरात में लगभग 5,00,000 से अधिक किशोरियों को यह टीका देकर जानलेवा कैंसर से सुरक्षित किया जाएगा। अभिभावकों की लिखित अनुमति और आयु के प्रमाणों की जांच के बाद ही टीकाकरण की प्रक्रिया की जा रही है।

साबरकांठा में 14,000 बेटियों के लिए आयोजन

साबरकांठा जिले में इस अभियान को गति देते हुए 14 वर्ष से कम आयु की लगभग 14,000 बेटियों को निःशुल्क टीका देने की शुरुआत की गई है। हिम्मतनगर सिविल अस्पताल सहित जिले के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण केंद्र सक्रिय कर दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा आगामी 3 महीनों में जिले की सभी पात्र बेटियों को कवर करने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। आने वाले समय में यह टीका प्राथमिक विद्यालयों के माध्यम से भी दिया जाएगा।

महंगा टीका अब सरकारी केंद्रों पर मुफ्त

सर्वाइकल कैंसर का यह टीका निजी अस्पतालों में काफी महंगा होता है, जहां एक खुराक के 3,000 से 6,000 रुपये तक वसूले जाते हैं। इतनी अधिक कीमत के कारण कई परिवार अपनी बेटियों को यह सुरक्षा नहीं दिला पाते थे। अब सरकार द्वारा यह टीका सभी सरकारी अस्पतालों और अर्बन हेल्थ सेंटरों पर मुफ्त उपलब्ध कराने से अभिभावकों में खुशी का माहौल है। वडोदरा के 44 अर्बन हेल्थ सेंटरों पर भी पहले दिन बड़ी संख्या में माता-पिता अपनी बेटियों को लेकर पहुंचे।

कैंसर मुक्त भविष्य की ओर कदम

बढ़ते कैंसर के मामलों के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकार का यह प्रयास एक मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान से शुरू किए गए इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को सुरक्षित करना है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, कम उम्र में दिया गया यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम कर देता है। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता फैलाई जा रही है ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इस वैक्सीन का लाभ उठा सकें।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
LIVE: अब जरूरत पड़ी तो सेना भी उतारूंगा, डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को चेतावनी