1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. गुजरात
  4. gujarat-cm-bhupendra-patel-surprise-visit-anand-ambli-village-interacts-with-school-children

गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल ने ग्रामीणों को चौंकाया, बिना पूर्व सूचना के आणंद के आंबली गांव पहुंचे, बच्चों से की मुलाकात आणंद

CM Bhupendra Patel
Anand Ambli Village CM Bhupendra Patel Visit: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को एक अनोखा और चौंकाने वाला दौरा किया। वडोदरा में एक कार्यक्रम पूरा कर गांधीनगर लौट रहे मुख्यमंत्री का काफिला आणंद जिले के अंकलाव तालुका के आंबली गांव के पास से गुजर रहा था। उसी समय सड़क पर खड़े स्कूली बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री ने बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक अपना काफिला रुकवा दिया और गांव में प्रवेश किया।

बच्चों के साथ बातचीत और शिक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर बच्चे और ग्रामीण आश्चर्य के साथ बेहद खुश हो गए। मुख्यमंत्री पटेल ने बच्चों से प्यार से बात की और उनसे पूछा कि वे किस स्कूल में पढ़ते हैं और क्या पढ़ाई कर रहे हैं, साथ ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों से खास तौर पर अनुरोध किया कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने बच्चों की शिक्षा से कभी समझौता न करें।

बायोगैस प्लांट का दौरा और ग्रामीणों का हर्ष

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का ध्यान पास के एक घर में चल रहे बायोगैस प्लांट की ओर गया। वे तुरंत प्लांट के मालिक विट्ठलभाई परमार के पास गए और प्लांट के उपयोग, उसके लाभ और संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री की इस सादगी को देखकर विट्ठलभाई ने गर्व से कहा कि उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि राज्य के मुख्यमंत्री खुद गाड़ी रोककर उनसे मिलने आएंगे।

क्या कहा भूपेन्द्र पटेल ने?

मुख्‍यमंत्री पटेल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- आमतौर पर, मेरा दिन मेरे तय शेड्यूल के हिसाब से ही बीतता है, लेकिन कभी-कभी, उस बंधे-बंधाए शेड्यूल से हटकर कुछ करने में जो खुशी मिलती है, वह बिल्कुल अलग ही होती है। आज वडोदरा से लौटते समय मुझे ऐसा ही एक मौका मिला। आनंद जिले के आंबली गांव से गुज़रते हुए, मैंने सड़क के किनारे स्कूल यूनिफ़ॉर्म पहने बच्चों को खड़े देखा। उनके साथ गांव के कुछ लोग भी थे।  मैंने गाड़ी रुकवाई और उन मासूम बच्चों से मुलाकात की। हमने उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में बात की। गांव वालों से वहां की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

सितंबर में पांच साल पूरे और सरल नेता की छवि

गुजरात में 'नो रिपीट थ्योरी' के तहत मुख्यमंत्री बने भूपेंद्र पटेल आने वाले सितंबर महीने में अपने कार्यकाल के पांच साल पूरे करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी और भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में बीजेपी ने पिछले चुनाव में भव्य जीत हासिल की थी। बिना किसी विवाद के अब तक काम कर रहे भूपेंद्र पटेल ने जनता के बीच एक संवेदनशील, सरल और आध्यात्मिक मुख्यमंत्री के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
 
अगला लेख
किचन में कुत्ते की एक मासूम हरकत बनी बड़ी तबाही! टोस्टर ऑन होते ही जल उठा पूरा घर, 3 पालतू जानवरों की मौत [VIDEO]