होली और रमजान से पहले एक्शन में अहमदाबाद पुलिस, पूर्वी इलाकों में रातभर पेट्रोलिंग
Ahmedabad police: होली-धुलेंडी के त्योहार और पवित्र रमजान महीने को देखते हुए अहमदाबाद के पूर्वी इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुस्तैद हो गई है। शहर के अमराईवाड़ी, बापूनगर, रखियाल और गोमतीपुर जैसे इलाकों में डीसीपी, एसीपी और पीआई सहित पुलिस का भारी काफिला सड़कों पर उतरा। त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील इलाकों में सघन पेट्रोलिंग की गई।
नाइट विजन ड्रोन से तंग गलियों की निगरानी
पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। विशेष रूप से दाणीलीमड़ा और इसनपुर जैसे क्षेत्रों में नाइट विजन ड्रोन के जरिए चेकिंग की गई। रमजान के कारण देर रात तक गुलजार रहने वाले बाजारों, तंग गलियों और मकानों की छतों पर ड्रोन से नजर रखी गई, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ड्रिंक एंड ड्राइव पर नकेल
त्योहारों के समय नशा करके वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। ज़ोन-5 और ज़ोन-6 क्षेत्रों में की गई वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूरे इलाके में 'ड्रिंक एंड ड्राइव' के लगभग 30 मामले दर्ज किए गए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
काली फिल्म और बिना नंबर प्लेट वाले वाहन जब्त
चेकिंग के दौरान पुलिस ने ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों पर भी शिकंजा कसा। प्रतिबंधित काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) लगी कारों से मौके पर ही फिल्म हटवाई गई। इसके अलावा, बिना नंबर प्लेट या बिना रजिस्ट्रेशन के वाहन चलाने वाले 17 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया और लगभग 27 वाहनों को डिटेन (जब्त) किया गया। कुल 200 से अधिक वाहनों की सघन जांच की गई।
100 से अधिक पुलिसकर्मियों की फ्लैग मार्च
हिस्ट्रीशीटरों और आदतन अपराधियों में कानून का डर पैदा करने के लिए 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। ज़ोन-5 डीसीपी जितेंद्र अग्रवाल के अनुसार, रबारी कॉलोनी चार रास्ता सहित मुख्य पॉइंट्स पर नाकाबंदी की गई और संदिग्धों से पूछताछ की गई, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala