गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020
  3. समाचार
  4. Delhi Assembly Election Results
Written By
Last Updated : मंगलवार, 11 फ़रवरी 2020 (13:04 IST)

Delhi Assembly Election Results 2020: आम आदमी पार्टी जीत की ओर अग्रसर, भाजपा दूसरे नंबर पर

Delhi Assembly Election Results 2020: आम आदमी पार्टी जीत की ओर अग्रसर, भाजपा दूसरे नंबर पर - Delhi Assembly Election Results
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को चल रही मतगणना में आम आदमी पार्टी (आप) 70 में से 55 सीटों पर वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 16 सीटों पर आगे चल रही है। रुझान संकेत दे रहे हैं कि आप दोबारा सत्ता हासिल करने की राह पर है। निर्वाचन आयोग के आकड़ों से यह जानकारी मिली है।
प्रारंभिक रुझान के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में चुनाव द्विदलीय हैं और कांग्रेस कहीं भी दूर-दूर तक दिखाई नहीं दे रही। आप प्रमुख एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट पर 4,300 मतों से आगे चल रहे हैं, वहीं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पटपड़गंज सीट पर 102 मतों से आगे हैं, वहीं दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेन्द्र गुप्ता रोहिणी सीट पर 1,200 मतों से पीछे चल रहे हैं।
 
शुरुआती रुझानों में आप को बढ़त मिलने के साथ ही आप के रोज एवेन्यू स्थित मुख्यालय में जश्न शुरू हो गया, वहीं भाजपा के दिल्ली इकाई के प्रमुख मनोज तिवारी ने पार्टी के समर्थकों से निराश नहीं होने की अपील की है। तिवारी ने कहा कि 27 सीटें ऐसी हैं, जहां मतों का अंतर मात्र 700 से 1,000 के बीच ही है।
उन्होंने कहा कि सभी बातें समाप्त हैं। हमें लोगों का आशीर्वाद पाने के लिए इंतजार करना होगा। मुझे भरोसा है कि यह भाजपा के लिए अच्छा दिन साबित होगा। आज मंगलवार को हम दिल्ली की सत्ता में लौट रहे हैं। अगर हम 55 सीटें जीतें तो अचरज मत करिएगा।
 
केजरीवाल की अगुवाई में पिछले चुनाव में आप ने दिल्ली की 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी। केजरीवाल शाम को पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया से बात कर सकते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह है।
 
आप प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि हम शुरुआत से ही कह रहे हैं कि आगामी चुनाव हमारे किए काम के आधार पर लड़ा जाएगा। अभी कुछ कहना बहुत जल्दबाजी होगी। आप इंतजार कीजिए और देखिए कि हम जबरदस्त जीत हासिल करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता फरीन खान ने पार्टी कार्यालय में कहा कि हमें उम्मीद है कि हमें ऐसा स्पष्ट बहुमत मिलेगा जिससे यह संदेश जाएगा कि हिन्दू-मुस्लिम की राजनीति से अब काम नहीं चलेगा।
श्रममंत्री गोपाल राय बाबरपुर निर्वाचन क्षेत्र से 1,994 मतों से आगे चल रहे हैं। आप नेता आतिशी कालकाजी सीट से 190 मतों से पीछे चल रही हैं। तिमारपुर निर्वाचन क्षेत्र से आप के दिलीप पांडेय भाजपा उम्मीदवार सुरिन्दर पाल सिंह से 1,599 मतों से आगे चल रहे हैं।
 
आप के राघव चड्ढा राजेन्द्र नगर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के सरदार आरपी सिंह से 4,131 मतों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस की अलका लांबा चांदनी चौक निर्वाचन क्षेत्र से आप के प्रह्लाद सिंह साहनी से पीछे चल रही हैं।
विधानसभा चुनाव 8 फरवरी को हुए थे। मतगणना 70 विधानसभा क्षेत्रों में 21 स्थलों पर स्थापित किए गए मतदान केंद्रों पर चल रही है। शनिवार को हुए मतदान के बाद 593 पुरुष उम्मीदवारों और 79 महिला प्रत्याशियों की राजनीतिक तकदीर ईवीएम में कैद हो गई थी।
 
मतगणना केंद्र पूर्वी दिल्ली के सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पश्चिम दिल्ली के एनएसआईटी द्वारका, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मीराबाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलोजी और जीबी पंत इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलोजी, मध्य दिल्ली में सर सीवी रमण आईटीआई, धीरपुर और उत्तरी दिल्ली के बवाना में राजीव गांधी स्टेडियम एवं अन्य स्थानों पर स्थापित किए गए हैं।
ये भी पढ़ें
Delhi Election Results : दिल्ली में भाजपा की हार के 5 बड़े कारण