शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2015
  4. Delhi election : Voting on saturday
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2015 (15:08 IST)

दिल्ली में चुनाव की तैयारियां पूरी, मतदान कल

दिल्ली में चुनाव की तैयारियां पूरी, मतदान कल - Delhi election :  Voting on saturday
नई दिल्ली। दिल्ली में शनिवार को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन चुनावों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जनमत संग्रह के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने इससे इनकार किया है।
 
आम आदमी पार्टी के उभार के साथ राष्ट्रीय राजधानी की कमान हासिल करने की जंग रोचक हो गई है। पूरी तरह मोदी की छवि पर निर्भर भाजपा को आप कड़ी टक्कर देती प्रतीत हो रही है।
 
दिल्ली विधानसभा की कुल 70 सीटों पर होने जा रहे चुनाव में 1.33 करोड़ से अधिक मतदाता कुल 673 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान 12,177 मतदान केंद्रों पर होगा। इनमें से 714 मतदान केंद्रों की पहचान संवेदनशील के रूप में की गई है। इनमें 191 अति संवेदनशील हैं।
 
दिल्ली में पिछले 16 वर्ष से सत्ता से दूर भाजपा ने टीम अन्ना की पूर्व सदस्य किरण बेदी को पार्टी में लाकर और उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दांव खेला है। बताया जाता है कि इससे पार्टी नेता और पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता नाखुश हैं।
 
भाजपा की रणनीति का जवाब अरविन्द केजरीवाल नीत आप ने दिया है जिसने पिछले लोकसभा चुनाव के बाद से उठी मोदी लहर को रोकने के लिए धुआंधार प्रचार अभियान चलाया।
 
पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्रियों एम वेंकैया नायडू और अरूण जेटली ने इस बात को खारिज किया है कि दिल्ली का चुनाव मोदी सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह होगा। आलोचकों ने इस बयान को प्रधानमंत्री को किसी तरह की आलोचना से बचाने के प्रयास के रूप में देखा है। (भाषा)