शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट विश्व कप 2019
  3. समाचार
  4. New Zealand vs South Africa
Written By
Last Modified: गुरुवार, 20 जून 2019 (00:55 IST)

केन विलियम्सन का नाबाद शतक, न्यूजीलैंड की अंतिम ओवर में द. अफ्रीका पर 4 विकेट से सनसनीखेज जीत

केन विलियम्सन का नाबाद शतक, न्यूजीलैंड की अंतिम ओवर में द. अफ्रीका पर 4 विकेट से सनसनीखेज जीत - New Zealand vs South Africa
बर्मिंघम। कप्तान केन विलियम्सन के नाबाद शतक (106) और उनकी उनकी कॉलिन डी ग्रैंडहोम (60) के साथ 91 रन की बेशकीमती साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को बुधवार को वर्षा बाधित मुकाबले में 4 विकेट से हराकर आईसीसी विश्व कप की अंक तालिका में 9 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड ने यह जीत अंतिम ओवर की तीसरी गेंद पर हासिल की।
 
वर्षा के कारण मैदान गीला रहने से टॉस में विलंब हुआ और ओवरों की संख्या घटाकर 49 कर दी गई। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। 
 
दक्षिण अफ्रीका ने ओपनर हाशिम अमला (55) और रैसी वान डेर डुसेन (नाबाद 67) के शानदार अर्धशतकों की बदौलत 49 ओवर में छह विकेट पर 241 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया लेकिन गेंदबाजी करते समय काफी खराब क्षेत्ररक्षण किया, जिसका फायदा उठाकर न्यूजीलैंड ने 48.3 ओवर में छह विकेट पर 245 रन बनाकर मैच जीत लिया। 
 
'प्लेयर ऑफ द' मैच बने कीवी कप्तान ने 138 गेंदों पर 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 106 रन की मैच विजयी पारी खेली। न्यूजीलैंड की 5 मैचों में यह चौथी जीत है और वह 9 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर आ गया है जबकि दक्षिण अफ्रीका को 6 मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है और उसका टूर्नामेंट में आगे बढ़ने का सपना लगभग टूट गया है।
 
लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने 80 रन पर 4 विकेट और 137 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे लेकिन कप्तान केन विलियम्सन और कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने फिर शानदार साझेदारी कर लक्ष्य की तरफ बढ़ना शुरू कर दिया। कॉलिन मुनरो ने 9, मार्टिन गुप्टिल ने 35, रॉस टेलर ने 1, टॉम लाथम ने 1 और जेम्स नीशम ने 23 रन बनाए।
विलियम्सन और ग्रैंडहोम की साझेदारी के दौरान दक्षिण अफ्रीका ने खराब क्षेत्ररक्षण किया। लेग स्पिनर इमरान ताहिर के आखिरी ओवर में डेविड मिलर ने 2 मौके गंवाए। दक्षिण अफ्रीका ने एक रन आउट का मौका भी गंवाया। दोनों बल्लेबाज रन बटोर रहे थे और दक्षिण अफ्रीका की हताशा बढ़ रही थी। न्यूजीलैंड के 200 रन 44वें ओवर की पहली गेंद पर पूरे हो गए।
 
दक्षिण अफ्रीका की किस्मत वाकई खराब थी। आंदिले फेहलुकवायो की गेंद पर विलियम्सन का कैच लुंगी एनगिदी के हाथ से छूटा लेकिन यह नोबॉल भी थी। क्रिस मौरिस ने पहली 5 गेंदों में सिर्फ 1 रन दिया लेकिन ग्रैंडहोम ने आखिरी गेंद पर चौका मारकर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। 
 
न्यूजीलैंड को अब आखिरी चार ओवर में 26 रन चाहिए थे। 46वें ओवर में मिलर एक बार फिर ग्रैंडहोम के कैच तक नहीं पहुंच सके और गेंद उनके पास से निकलकर चौके के लिए चली गई। यह वाकई खराब क्षेत्ररक्षण था।
 
ग्रैंडहोम को आखिर लुंगी एनगिदी ने 48वें ओवर की पहली गेंद पर आउट कर मैच में फिर रोमांच पैदा कर दिया। ग्रैंडहोम ने 47 गेंदों पर 60 रन में 5 चौके और 2 छक्के लगाए। विलियम्सन ने इस ओवर की आखिरी गेंद को विकेट के पीछे चौके के लिए निकाल दिया। 
 
न्यूजीलैंड को अब आखिरी ओवर में 8 रन चाहिए थे और गेंद फेहलुकवायो के हाथ में थी। सेंटनर ने पहली गेंद पर 1 रन लेकर स्ट्राइक विलियम्सन को दी। विलियम्सन ने दूसरी गेंद पर जबरदस्त छक्का मारकर वर्ल्ड कप का अपना पहला शतक पूरा किया और टीम को जीत की दहलीज पर ला दिया। उन्होंने अगली गेंद पर चौका मारकर दक्षिण अफ्रीका को हताशा के अंधेरों में धकेल दिया।
ये भी पढ़ें
कोच की इस बात से परवान चढ़ा रोहित शर्मा का करियर