मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Union minister in quarantine after meeting BJP JK chief who tested Covid +ve
Written By सुरेश एस डुग्गर
Last Modified: मंगलवार, 14 जुलाई 2020 (21:00 IST)

जम्मू-कश्मीर BJP अध्यक्ष रविन्द्र रैना Coronavirus से संक्रमित, एक हजार की जान सांसत में

जम्मू-कश्मीर BJP अध्यक्ष रविन्द्र रैना Coronavirus से संक्रमित, एक हजार की जान सांसत में - Union minister in quarantine after meeting BJP JK chief who tested Covid +ve
जम्‍मू। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना कोरोना पॉजिटिव क्‍या हुए, एक हजार से अधिक की जान सांसत में आ गई है क्‍योंकि पॉजिटिव होने से पहले रैना करीब एक हजार लोगों से मिले थे, जिनमें केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं। रैना कश्मीर में पांच दिन के अपने प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, राष्ट्रीय महासचिव राम माधव समेत एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के संपर्क में आए थे।
 
कश्मीर में भाजपा नेता शेख वसीम बारी, उनके भाई व पिता की आतंकवादियों द्वारा हत्या किए जाने के बाद से रविन्द्र रैना कश्मीर में ही थे। वे सोमवार को जम्मू लौटे थे। उन्हें हल्का बुखार था व अन्य कोई लक्षण नहीं था। ऐसे में करवाया गया कोरोना टेस्ट मंगलवार को पॉजिटिव आया। रैना ने इसकी जानकारी मंगलवार को एक ट्वीट के जरिए सार्वजनिक की।
 
रैना के पॉजिटिव आने के बाद प्रदेश भाजपा की कश्मीर इकाई में हड़कंप है। रैना व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने वसीम बारी, उनके भाई व पिता के जनाजे में हिस्सा लिया था। इस जनाजे में करीब 300 लोग शामिल हुए थे। इसके बाद वे बारी के चौथे में भी शामिल हुए थे। इसमें डेढ़़ सौ के करीब लोग शामिल हुए थे। इसके बाद श्रीनगर में भाजपा नेताओं ने श्रद्धांजलि सभा की थी। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं से बैठक भी हुई थी। कुछ कार्यकर्ता अलग से भी रविन्द्र रैना से मिले थे।
 
ऐसे में मंगलवार को रैना के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद जितेन्द्रसिंह, राम माधव, अविनाश राय खन्ना व कश्मीर भाजपा के कई नेताओं ने खुद को सेल्फ क्वारंटाइन कर लिया है। जितेन्द्र सिंह व राम माधव ने सोशल साइट ट्वीट कर खुद को क्वारंटाइन करने संबंधी जानकारी दी है। रविन्द्र रैना के साथ कश्मीर गए प्रदेश महासचिव विबोध ग़ुप्ता की रिपोर्ट मंगलवार को नेगेटिव आई है। रैना को कटड़ा के नारायणा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
 
रविन्द्र रैना के पॉजिटिव आने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह व राम माधव ने भी खुद को सेल्फ क्वारंटाइन करने की जानकारी सार्वजनिक कर दी। ये नेता रैना के साथ श्रीनगर से बांडीपोर गए थे। वहां पर उन्होंने आतंकवादी हमले में मारे गए भाजपा नेता वसीम बारी के परिजनों को सांत्वना दी थी।
ये भी पढ़ें
UP में हर शनिवार-रविवार को लगेगा लॉकडाउन, पढ़िए क्या है Guidelines