मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. मुंबई पुलिस का फैसला, वाहनों के लिए अलग-अलग रंग के कोड वाली स्टीकर व्यवस्था पर रोक
Written By
Last Updated : शनिवार, 24 अप्रैल 2021 (11:29 IST)

मुंबई पुलिस का फैसला, वाहनों के लिए अलग-अलग रंग के कोड वाली स्टीकर व्यवस्था पर रोक

Mumbai Police | मुंबई पुलिस का फैसला, वाहनों के लिए अलग-अलग रंग के कोड वाली स्टीकर व्यवस्था पर रोक
मुंबई। कोरोनावायरस के कारण लगी पाबंदियों के दौरान आपात एवं आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हो, इसलिए हाल में मुंबई पुलिस ने विविध रंग के कोड वाली स्टीकर व्यवस्था शुरू की थी जिसे अब रोक दिया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
 
दरअसल शुक्रवार को राज्य पुलिस ने पाबंदियों के दौरान वाहनों की अंतरराज्य एवं अंतरजिला आवाजाही के लिए ई-पास प्रणाली को पुन: शुरू कर दिया जिसके चलते यह फैसला लिया गया है। कुछ लोगों ने एक ही वक्त पर 2 तरह की प्रणालियां होने पर नाराजगी जताई थी। ऐसे लोगों का कहना था कि मुंबई के लिए विभिन्न रंगों के कोड वाली स्टीकर प्रणाली तथा राज्य स्तर पर आवाजाही के लिए ई-पास की व्यवस्था होने से लोगों के बीच भ्रम पैदा होगा।
एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई के लिए विभिन्न रंगों के कोड वाली स्टीकर व्यवस्था को बंद करने का फैसला शुक्रवार को लिया गया और पुलिस उपायुक्त (परिचालन) की ओर से इस बाबत आदेश शुक्रवार रात को जारी किया गया। उल्लेखनीय है कि कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए पुलिस ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत मुंबई में निषेधाज्ञा लगाई है। पुलिस ने मुंबई के लिए विभिन्न रंगों के कोड वाली व्यवस्था पिछले हफ्ते ही शुरू की थी।

 
इस प्रणाली के तहत चिकित्सक, चिकित्साकर्मी और चिकित्सा उपकरणों को लाने-ले जाने वाले वाहनों के लिए लाल रंग के स्टीकर दिए गए थे जबकि राशन, सब्जियां, बेकरी तथा अन्य खाद्य पदार्थ वाले वाहनों के लिए हरे रंग के स्टीकर थे। आपात एवं आवश्यक सेवाओं के कर्मियों के वाहनों के लिए पीले रंग के स्टीकर थे।



हालांकि शुक्रवार को महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक संजय पांडे ने आपात एवं आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों के लिए पूरे राज्य में ई-पास की व्यवस्था शुरू की। एक अधिकारी ने बताया कि अलग-अलग रंग के कोड वाली स्टीकर व्यवस्था को रोकने के फैसले की जानकारी मुंबई के सभी पुलिस अधिकारियों को दे दी गई है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
CoronaVirus India Update : 3 दिन में मिले करीब 10 लाख नए कोरोना संक्रमित, 4 दिन में 9014 की मौत