बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Rahul Gandhi expressed grief over the death of MP Vasanthakumar
Written By
Last Modified: शनिवार, 29 अगस्त 2020 (01:28 IST)

सांसद वसंतकुमार के निधन पर राहुल गांधी ने जताया दु:ख

सांसद वसंतकुमार के निधन पर राहुल गांधी ने जताया दु:ख - Rahul Gandhi expressed grief over the death of MP Vasanthakumar
नई दिल्‍ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कन्याकुमारी से पार्टी के लोकसभा सदस्य एच. वसंतकुमार के निधन पर शुक्रवार को दु:ख जताया एवं उनके प्रियजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। वसंतकुमार का शुक्रवार को चेन्नई के एक अस्पताल में कोविड-19 से निधन हो गया। वह 70 साल के थे।

राहुल गांधी ने उनके निधन पर दु:ख प्रकट करते हुए ट्वीट किया, कोविड-19 के कारण कन्याकुमारी से सांसद एच. वसंतकुमार के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध रह गया। लोगों की सेवा करने की कांग्रेस की विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा हमारे दिलों में रहेगी। उनके परिजन और मित्रों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने वसंतकुमार के निधन पर दु:ख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। कांगेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और कई अन्य नेताओं ने भी वसंतकुमार के निधन पर दु:ख प्रकट किया।
दूसरे राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी कांग्रेस के इस लोकसभा सदस्य के निधन पर दु:ख प्रकट किया।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, सांसद वसंतकुमार के असामयिक निधन के बारे में सुनकर बहुत दु:खी और स्तब्ध हुआ। उनके परिजन और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है।
बहुजन समाज पार्टी के सांसद कुंवर दानिश अली ने कहा, लोकसभा में हमारे साथी सांसद वसंतकुमार के निधन के बारे में सुनकर बहुत दु:ख हुआ। उन्होंने जीवनभर कन्याकुमारी और तमिलनाडु के लोगों की सेवा की। उनके परिजन और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है। वसंतकुमार दो बार विधायक भी रहे हैं और 2019 के लोकसभा चुनाव में निर्वाचित हुए थे।(भाषा)
ये भी पढ़ें
Rajasthan Coronavirus Update : राजस्थान में 1355 नए Corona मामले, 12 और लोगों की मौत