गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. देश में Corona संक्रमितों की संख्या 9000 के पार, 308 की मौत
Written By
Last Updated : सोमवार, 13 अप्रैल 2020 (14:38 IST)

covid-19: देश में Corona संक्रमितों की संख्या 9000 के पार, 308 की मौत

Corona virus | देश में Corona संक्रमितों की संख्या 9000 के पार, 308 की मौत
नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के 796 नए मामले दर्ज किए जाने के साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9152 हो गई तथा इस दौरान इस संक्रमण के कारण 35 और लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 308 पर पहुंच गया है।
 
देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना के अब तक कुल 9152 मामलों की पुष्टि हुई है जिनमें 71 विदेशी मरीज शामिल हैं। अभी तक कोरोना संक्रमित 716 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
 
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस का प्रकोप देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है। कोरोना से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में अब तक 1985 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 149 लोगों की मौत हो गई है।
 
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे के दौरान 22 लोगों की मौत हुई और 224 लोग संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों की संख्या के मामले में दूसरे स्थान पर दिल्ली है, जहां पिछले 24 घंटों में 85 नए मामले दर्ज किए जाने के कारण कुल 1,154 लोग पीड़ित हुए हैं तथा इस दौरान 5 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 6 बढ़कर 24 हो गई है।
 
इसके बाद तमिलनाडु में सबसे अधिक 1,043 लोग संक्रमित हैं और पिछले 24 घंटों में 1 और व्यक्ति की मौत के साथ मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। राजस्थान में 1 दिन में 104 लोग संक्रमित हुए और इनका आंकड़ा बढ़कर 804 हो गया तथा अब तक 3 लोगों की मौत हुई है। वहीं गुजरात में 516 लोग संक्रमित हैं तथा 25 लोगों की मौत हुई है।
 
पिछले 24 घंटे के दौरान गुजरात में 84 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 3 और लोगों की मौत हुई है। मध्यप्रदेश में भी संक्रमितों की संख्या में वृद्धि देखी गई और वहां रविवार के 532 लोगों की तुलना में लगभग 32 की बढ़त के साथ 564 हो गई। राज्य में मृतकों की संख्या 36 हो गई है।
 
तेलंगाना में अब तक 504 लोग संक्रमित हुए हैं और 9 लोगों की मौत हुई है। केरल में 3,764 लोग संक्रमित हुए हैं और 2 लोगों की मौत हुई है। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तरप्रदेश में 483 लोग संक्रमित हैं और 5 लोगों की मौत हुई है। दक्षिण भारतीय राज्य आंध्रप्रदेश में 427 और कर्नाटक में 232 लोग संक्रमित हैं तथा इन राज्यों में क्रमश: 7 और 6 लोगों की मौत हुई है।
 
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या 245 है और 4 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा पंजाब में 11, पश्चिम बंगाल में 7, हरियाणा में 3, झारखंड में 2 तथा बिहार, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और असम में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई है। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
14 अप्रैल को लॉकडाउन का अंतिम दिन : कल सुबह 10 बजे PM मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन