बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Maharashtra CM Extends Lockdown by 15 Days, Says Need to Be Extra Alert
Written By
Last Updated : रविवार, 30 मई 2021 (22:34 IST)

महाराष्ट्र : 15 जून तक लॉकडाउन, जानिए कौनसे राज्यों ने बढ़ाई पाबंदियां

महाराष्ट्र : 15 जून तक लॉकडाउन, जानिए कौनसे राज्यों ने बढ़ाई पाबंदियां - Maharashtra CM Extends Lockdown by 15 Days, Says Need to Be Extra Alert
महाराष्ट्र सरकार ने 1 जून से लेकर 15 दिन के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया है। हालांकि उसने कुछ छूट देने का संकेत दिए हैं।

सतर्क रहने की जरूरत : मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि कह नहीं सकते कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर कब आएगी, हम अपनी चौकसी को कम नहीं कर सकते। महाराष्ट्र के कुछ जिलों में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं।  उद्धव ठाकरे ने कहा कि मरीजों की संख्या में कमी के बावजूद हम पिछले साल के चरम के करीब हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ‘माझा डॉक्टर’ पहल फैमिली डॉक्टरों तक पहुंचने में मदद करेगी ताकि बिना लक्षण वाले मरीजों में अधिक दवा सेवन की प्रवृत्ति और अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति उत्पन्न होने से बचा जा सके।
 
ठाकरे ने कहा कि पिछले साल के मुकाबले इस साल कोविड-19 वायरस के प्रकार में अंतर है। यह अब अधिक संक्रामक है, तेजी से फैल रहा है और मरीजों के ठीक होने में लंबा समय लग रहा है।’’ उन्होंने कहा कि हमारे सामने एक और राक्षक फंगस है जिसका मुकाबला करना है। राज्य में म्यूकोरमाइकोसिस के 3000 मामले हैं। कोरोना वायरस कार्य बल इस पर नजर रख रहा है।

महाराष्ट्र में मामलों में थमी रफ्तार : महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे कम 18600 नए मरीजों की पुष्टि हुई तथा 402 लोगों की संक्रमण के कारण मौत हो गई। राज्य में कुल मामले 57,31,815 हो गए हैं जबकि संक्रमण के कारण 94,844 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 16 मार्च को 17,864 नए मामले रिपोर्ट हुए थे जिसके बाद सबसे कम मामले आज आए हैं। शनिवार को 20,295 मामले मिले थे और 443 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई थी। अधिकारी ने बताया कि राज्य में दिन में 22,532 मरीज संक्रमण से उबरे हैं जिसके बाद संक्रमण मुक्त होने वाले मरीजों की संख्या 53,62,370 पहुंच गई है।
 
विभाग ने एक बयान में बताया कि राज्य में 2,71,801 मरीज वायरस के कारण हुए संक्रमण का इलाज करा रहे हैं। राज्य में दिन में 2,52,623 लोगों की जांच की गई थी। इसी के साथ महाराष्ट्र में 3,48,61,608 जांच की जा चुकी हैं। 
 
मुंबई शहर में 1062 नए मरीज मिले जबकि 22 लोगों की मौत हुई। राजधानी में कुल मामले 7,04,622 हो गए हैं जबकि मृतक संख्या 14,797 हो गई है। मुंबई संभाग जिसमें उपनगर शामिल हैं, उसमें 3110 मामले रिपोर्ट हुए हैं और 38 मौतों की पुष्टि हुई है। संभाग में कुल मामले 15,30,455 हो गए हैं और मृतकों का आंकड़ा 27,671 पहुंच गया है।
 
नासिक संभाग में 1,947 नए मामले सामने आए, जिनमें अहमदनगर जिले के 1,013 संक्रमित शामिल हैं, जबकि पुणे संभाग में 4,817 मामले दर्ज किए गए, जिनमें पुणे जिले के 1,276 मरीज शामिल हैं और सतारा जिले में 1,855 मामले आए हैं। कोल्हापुर संभाग में 4,125 मामले दर्ज किए गए, जिनमें कोल्हापुर जिले 1,246 मरीज शामिल हैं। औरंगाबाद संभाग में 650, लातूर संभाग में 976, अकोला संभाग में 1784 और नागपुर संभाग में 1191 संक्रमित मिले हैं।
 
इन राज्यों ने बढ़ाया लॉकडाउन : हरियाणा, ओडिशा और तेलंगाना रविवार को उन राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में शामिल हो गए, जिन्होंने कोविड-19 के चलते लागू लॉकडाउन को बढ़ा दिया है जबकि उत्तरप्रदेश तथा जम्मू कश्मीर ने कम उपचाराधीन रोगियों वाले जिलों में पांबिदयों में आंशिक ढील देने की घोषणा की। हालांकि रात्रि कर्फ्यू तथा सप्ताहांत लॉकडाउन लागू रहेगा।
 
केरल, तमिलनाडु और गोवा समेत अनेक राज्य जून में एक सप्ताह से 15 दिन तक के लिए लॉकडाउन या पाबंदियों को बढ़ा चुके हैं जबकि दिल्ली, मध्यप्रदेश और हिमाचल प्रदेश जैसे कुछ प्रदेशों ने नए मामलों में और संक्रमण की दर में गिरावट के चलते पाबंदियों में कुछ छूट देने की घोषणा की है। दुकानों को अधिक घंटों तक खोलने की अनुमति दी गई है। साथ ही कुछ स्थानों पर मॉल को शर्तों के साथ खोलने की इजाजत दी गई है। हालांकि शिक्षण संस्थान बंद ही रहेंगे।
भारत में आंकड़ों में गिरावट : भारत में कोविड-19 के एक दिन में 1,65,553 नए मामले सामने आए जो 46 दिनों में संक्रमण के सबसे कम मामले हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 2,78,94,800 पर पहुंच गई है। देश में 13 अप्रैल को संक्रमण के 1,61,736 मामले सामने आए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर गिरकर 8.02 प्रतिशत रह गई जो लगातार छठवें दिन 10 प्रतिशत से कम है जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 9.36 प्रतिशत है। सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीमारी के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,25,972 हो गयी है। पिछले 24 घंटों में 3,460 मरीजों की मौत हुई है।
 
तेलंगाना : तेलंगाना मंत्रिमंडल ने कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन को रविवार को और 10 दिनों के लिए बढ़ा दिया। हालांकि लोगों को हर दिन सुबह छह बजे से दोपहर एक बजे तक रियायत मिलेगी। मौजूदा लॉकडाउन की मियाद आज खत्म हो रही थी। मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव के दफ्तर से जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मंत्रिमंडल ने राज्य में लागू लॉकडाउन को कल (31 मई) से अगले 10 दिनों तक जारी रखने का फैसला किया है। मंत्रिमंडल ने लॉकडाउन को विस्तार देने समेत कई मुद्दों पर चर्चा करने के लिए यहां बैठक की थी।
 
ओडिसा : ओडिशा सरकार ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन और 16 दिन यानी 17 जून तक के लिए बढ़ाने की रविवार को घोषणा की। लॉकडाउन का दूसरा चरण एक जून को सुबह 5 बजे खत्म होना था। मुख्य सचिव एस सी महापात्र ने कहा कि लॉकडाउन का उद्देश्य मुख्य रूप से लोगों की आवाजाही को प्रतिबंधित करना है, न कि सामानों की। पिछले लॉकडाउन के सभी प्रतिबंधों और छूटों को तीसरे चरण में भी लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सप्ताहांत बंद भी जारी रहेगा।
 
हरियाणा : हरियाणा में कोविड-19 की रोकथाम के लिए लॉकडाउन को एक हफ्ते के लिए यानी सात जून तक बढ़ा दिया गया। राज्य सरकार ने दुकानें खोलने के वक्त और मॉल पर लगाई गई पाबंदियों में ढील देने की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भले ही राज्य में कोविड-19 की स्थिति में सुधार हुआ हो, लेकिन यह फैसला किया गया है कि “महामारी अलर्ट/ सुरक्षित हरियाणा” लॉकडाउन को कुछ और रियायतों के साथ सात जून सुबह पांच बजे तक बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन दुकानों को पूर्व में सम-विषम आधार पर सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक खोलने की अनुमति दी गई थी वे अब सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक खुल सकेंगी।
 
उत्तरप्रदेश : उत्तर प्रदेश सरकार ने कोविड संक्रमण के चलते राज्य में लागू कोरोना कर्फ्यू में सुबह सात बजे से शाम बजे तक की ढील दी है और अब शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी। हालांकि, रविवार तक 600 से अधिक सक्रिय मामले वाले 20 जिलों को यह सुविधा नहीं मिलेगी। मुख्‍य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने रविवार को गतिविधियों को प्रारंभ करने के लिए शर्तों के साथ आदेश जारी किया है। तिवारी ने अपने आदेश में कहा है कि निषेध क्षेत्र के बाहर एक जून से सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक गतिविधियां संचालित होंगी। आदेश में उन्होंने कहा है कि रात्रिकालीन कर्फ्यू शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक लागू रहेगा और इसके साथ ही शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बंदी/ कोरोना कर्फ्यू लागू होगा। इस दौरान कोविड नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
 
जम्मू-कश्मीर : जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने भी केन्द्र शासित प्रदेश में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कोरोना कर्फ्यू केवल रात्रि और सप्ताहांत में लागू रहेगा। हालांकि शैक्षिक संस्थान 15 जून तक बंद रहेंगे जबकि सिनेमाघर, मल्टीप्लेक्स , क्लब, जिम, मसाज सेंटर और भुगतान आधारित पार्क अगले आदेश तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है। 
 
गोवा : गोवा सरकार ने भी मौजूद कोरोना कर्फ्यू को सात जून तक बढा़ने का फैसला लिया है। मध्य प्रदेश सरकार ने कोरोना कर्फ्यू में एक जून से चरणबद्ध तरीके से छूट देने को मंजूरी दे दी है। राज्य में सप्ताहांत कर्फ्यू जारी रहेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह जानकारी दी। (इनपुट भाषा)
ये भी पढ़ें
भारत के UNEP प्रमुख अतुल बगाई जिम्मी मगिलिगन सेंटर पर करेंगे पर्यावरण संवाद सप्ताह का शुभारंभ