बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. BMC bans New Year celebrations
Written By
Last Updated : शनिवार, 25 दिसंबर 2021 (11:48 IST)

Omicron का खौफ, मुंबई में नहीं मनेगा न्यू ईयर का जश्न, धारा 144 लागू

Omicron का खौफ, मुंबई में नहीं मनेगा न्यू ईयर का जश्न, धारा 144 लागू - BMC bans New Year celebrations
मुंबई। कोरोनावयरस के बढ़ते मामलों और ओमिक्रॉन स्वरूप के बढ़ते खतरे के मद्देनजर बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने शहर में किसी भी बंद या खुले स्थान पर नववर्ष के उपलक्ष्य में समारोह आयोजित करने और लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

 
मुंबई नगर आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने शुक्रवार देर शाम इस आशय का आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि नववर्ष के अवसर पर बीएमसी अधिकार क्षेत्र में किसी भी खुले या बंद क्षेत्र पर लोगों के एकत्र होने या समारोह आयोजित करने पर प्रतिबंध रहेगा।

 
यह आदेश 25 दिसंबर की मध्यरात्रि से प्रभावी होकर अगला आदेश आने तक लागू रहेगा। आदेश में कहा गया है कि यह सभी होटल, बार, रेस्तरां और निजी मालिकाना हक वाले ऐसे सभी स्थानों पर लागू होगा जिनका इस्तेमाल इस प्रकार के समारोहों के लिए किया जा सकता है।
 
महाराष्ट्र सरकार ने भी रात्रि 9 से सुबह 6 बजे तक सार्वजनिक स्थानों पर 5 से अधिक लोगों के जमा होने पर शुक्रवार को रोक लगा दी। राज्य में शुक्रवार को कोरोनावयरस संक्रमण के 1,410 मामले सामने आए थे। इनमें 20 ओमिक्रॉन के मामले थे।
 
इससे पहले बीएमसी ने शुक्रवार को एक अलग आदेश में कहा था कि दुबई से मुंबई लौटने वाले लोगों को 7 दिन के लिए अपने घर में क्वारंटाइन में रहना होगा। बीएमसी ने कहा है कि जो यात्री महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में रहते हैं, वे दुबई से आने पर मुंबई छोड़ सकेंगे, लेकिन उनके परिवहन की व्यवस्था जिलाधिकारी द्वारा की जाएगी।
ये भी पढ़ें
करीना और सैफ के बेटे का नाम पूछा प्रश्नपत्र में, स्कूल को नोटिस