शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. विधानसभा चुनाव 2018
  3. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018
  4. Second phase voting in Chhatisgarh
Written By
Last Updated :रायपुर , बुधवार, 21 नवंबर 2018 (00:45 IST)

छत्तीसगढ़ चुनाव : दूसरे चरण में 72 फीसदी मतदान, बढ़ सकता है आंकड़ा

छत्तीसगढ़ चुनाव : दूसरे चरण में 72 फीसदी मतदान, बढ़ सकता है आंकड़ा - Second phase voting in Chhatisgarh
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मंगलवार शाम पांच बजे मतदान का समय समाप्त हो गया। शाम छह बजे तक लगभग 72 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था।


राज्य में मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुब्रत साहू ने बताया कि सुबह आठ बजे राज्य के 19 जिलों के 72 विधानसभा सीटों में मतदान प्रारंभ हुआ तथा शाम पांच बजे मतदान समाप्त हो गया। शाम छह बजे तक 71.93 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था।

मतदान का समय समाप्त होने के बाद भी मतदान केंद्रों में लंबी कतारें रही। कुछ मतदान केंद्रों में शाम पांच बजे टोकन प्राप्त मतदाता देर तक मतदान कर रहे थे। इससे मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी हो सकती है।
 
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में मतदान के लिए उत्साह देखा गया तथा सुबह से ही मतदान केद्रों के सामने मतदाताओं की लंबी कतार देखी गई। राज्य में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं ने मतदान में उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं बुजुर्ग मतदाता भी मतदान करने मतदान केंद्र तक पहुंचे।
 
वहीं मुख्यमंत्री रमनसिंह, उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों, भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडेय, राजनांदगांव लोकसभा के सांसद अभिषेक सिंह, विधानसभा में विपक्ष के नेता टीएस सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान किया।
 
अधिकारियों ने बताया कि मरवाही विधानसभा के मतदान केंद्र सेमरा में पीठासीन अधिकारी सुरेंद्र कुमार मंडावी और धनौली मतदान केंद्र के कर्मचारी कमल किशोर तिवारी को जिला निर्वाचन अधिकारी पी. दयानन्द ने निर्वाचन अभिकर्ता की शिकायत के बाद निर्वाचन कार्य से पृथक कर दिया। निर्वाचन अभिकर्ता ने पक्षपात करने की शिकायत की थी।
 
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में 1079 उम्मीदवारों निर्वाचन में भाग लिया जिसमें से 113 अनुसूचित जाति और 176 अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं। इसमें 119 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।
 
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र बिन्द्रानवागढ़ के दो मतदान केन्द्रों आमामोरा और मोढ़ में सुबह सात बजे से दोपहर तीन तक बजे तक तथा शेष सभी 72 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान समय सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे निर्धारित है।
 
अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण में कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 19336 है। इसमें संवेदनशील मतदान केन्द्र 444 और संगवारी (मित्र) मतदान केन्द्र 118 हैं। संगवारी मतदान केंद्रों में मतदान दल की सभी सदस्य महिलाएं हैं।
 
उन्होंने बताया कि आज हुए मतदान में कुल मतदाताओं की संख्या 1,54,00,596 है। इसमें पुरुष मतदाता 77,53,337 और महिला मतदाता 76,46,382 हैं। वहीं तृतीय लिंग के 877 मतदाता हैं। मतदान संपन्न कराने के लिए 84688 मतदानकर्मियों को नियुक्त किया गया है।
 
अधिकारियों ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों और पुलिस के लगभग डेढ़ लाख जवानों को तैनात किया गया है।
 
राज्य के गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, कबीरधाम, जशपुर और बलरामपुर जिले के कुछ हिस्से नक्सल प्रभावित हैं। इन जिलों में सुरक्षा बल के जवानों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया है।
 
दूसरे चरण में 72 सीटों में से 17 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए तथा नौ अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इन 72 सीटों में से 43 सीटों में जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस को 27 तथा बहुजन समाज पार्टी को एक सीट पर जीत मिली थी, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार की जीत हुई थी।
 
राज्य में इससे पहले हुए चुनावों में भाजपा और कांग्रेस ही आमने-सामने रहती थी। हालांकि इस बार के चुनाव में अजित जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) और बसपा गठबंधन द्वारा चुनाव लड़ने से कुछ सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है।
 
राज्य में भारतीय जनता पार्टी पिछले 15 वर्षों से सत्ता में है। इस बार भाजपा 65 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करके चौथी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चुनाव मैदान में है। वहीं लंबे समय से सत्ता से दूर कांग्रेस को उम्मीद है कि जनता इस बार बदलाव के लिए वोट दे रही है।
 
छत्तीसगढ़ में पहले चरण में राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के सात जिले और राजनांदगांव जिले की 18  सीटों के लिए इस महीने की 12 तारीख को मतदान हुआ था। इस दौरान इस क्षेत्र के 76 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने मतदान में भाग लिया था। 11 दिसंबर को मतों की गिनती होगी। (भाषा)