Range Rover की कीमत में 75 लाख की कटौती, भारत-ब्रिटेन डील के बाद लग्जरी कार बाजार में हलचल
Jaguar Land Rover India ने अपनी सबसे प्रीमियम एसयूवी Range Rover SV की कीमत में 75 लाख रुपये की बड़ी कटौती की है। इसके बाद इस लग्जरी एसयूवी की एक्स-शोरूम कीमत अब 3.5 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि पहले इसकी कीमत 4.25 करोड़ रुपये थी। ब्रिटेन के साथ हुए इस समझौते का फायदा सिर्फ JLR को ही नहीं, बल्कि Bentley, Rolls-Royce Motor Cars, Aston Martin और McLaren Automotive जैसी ब्रिटिश लग्जरी कार कंपनियों को भी मिलेगा। हालांकि इसके लिए पहले साल 20,000 वाहनों का वार्षिक कोटा तय किया गया है, जिसे सभी ब्रिटिश ब्रांड्स के बीच साझा किया जाएगा।
यह कीमत कटौती भारत और ब्रिटेन के बीच लागू होने जा रहे फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से पहले की गई है। कंपनी ने Range Rover Sport SV Edition Two की कीमत भी 40 लाख रुपये घटा दी है। अब यह मॉडल 2.35 करोड़ रुपये की कीमत में उपलब्ध होगा। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
भारत और ब्रिटेन के बीच 24 जुलाई 2025 को व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (CETA) पर हस्ताक्षर हुए थे। इस समझौते के तहत ब्रिटेन से आयात होने वाली पूरी तरह निर्मित बड़ी कारों (CBU) पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी पहले साल 110% से घटाकर 30% कर दी जाएगी। वहीं पांचवें साल तक यह ड्यूटी घटकर सिर्फ 10% रह जाएगी। यह नियम 3,000cc से अधिक पेट्रोल इंजन और 2,500cc से अधिक डीजल इंजन वाले मॉडलों पर लागू होगा।
कीमतों में बदलाव से जुड़ी 3 बड़ी बातें
जीएसटी 2.0 सुधारों के बाद सितंबर 2025 में भी कंपनी ने कीमतों में 30.4 लाख रुपये तक की कटौती की थी। एक साल के भीतर यह दूसरी बड़ी कटौती है। अब रेंज रोवर SV में Ultra Metallic पेंट स्कीम स्टैंडर्ड फीचर के रूप में मिलेगी, जिसमें ग्लॉस और सैटिन फिनिश शामिल हैं।रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी जल्द ही Range Rover Sport का नया स्टैंडर्ड SV वेरिएंट लॉन्च कर सकती है, जिसकी कीमत करीब 2.05 करोड़ रुपये हो सकती है।
Defender और Discovery की कीमतों में नहीं होगा बदलाव
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि भारत में लोकली असेंबल किए जाने वाले मॉडल्स जैसे Range Rover Standard, Sport, Evoque और Velar की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा। इसके अलावा Land Rover Defender और Land Rover Discovery की कीमतें भी समान रहेंगी, क्योंकि इनका निर्माण स्लोवाकिया में होता है और ये भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते के दायरे में नहीं आते। हालांकि कंपनी Defender की लोकल असेंबली पर विचार कर रही है।
दमदार इंजन और पावर
Range Rover के दोनों SV वेरिएंट्स में 4.4 लीटर ट्विन-टर्बो V8 पेट्रोल इंजन दिया गया है। Range Rover SV में यह इंजन 540hp की पावर देता है, जबकि Range Rover Sport SV में 635hp की पावर और 800Nm का टॉर्क मिलता है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें