Evil Dead Burn Review: खून, खौफ और दर्द का नया तूफान, डराती कम, झकझोरती ज्यादा है
हॉरर फिल्मों का एक नियम है कि अगर दर्शक चीखकर आंखें बंद कर ले तो फिल्म सफल मानी जाती है। लेकिन महान हॉरर फिल्म वह होती है, जिसके खत्म होने के बाद भी उसका डर आपके भीतर कहीं जिंदा रह जाए। 'Evil Dead Burn' इसी कसौटी पर खुद को साबित करने की कोशिश करती है। यह फिल्म आपको डराने से पहले झकझोरती है, घिन दिलाती है और कई बार असहज भी कर देती है। सवाल सिर्फ इतना है कि क्या यह सब मिलकर एक यादगार हॉरर अनुभव बनाते हैं? जवाब है, आधा हां, आधा नहीं।
'Evil Dead' फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी पहचान हमेशा से उसका शरीर के कटने-फटने के वीभत्स दृश्य, बेकाबू हिंसा और इंसानी शरीर के साथ होने वाला वीभत्स खेल रहा है। नई फिल्म भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाती है। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार निर्देशक सेबेस्टियन वानिसेक सिर्फ खून बहाने में दिलचस्पी नहीं रखते, बल्कि उसके पीछे एक भावनात्मक त्रासदी भी खड़ी करना चाहते हैं। दुर्भाग्य से यह कोशिश हर जगह सफल नहीं हो पाती।
फिल्म की शुरुआत एक टूटे हुए परिवार से होती है। शोक, अपराधबोध और रिश्तों की खामोशी के बीच धीरे-धीरे एक ऐसी शैतानी ताकत जागती है जो इंसानों को सिर्फ मारती नहीं, बल्कि उन्हें राक्षस में बदल देती है।
कहानी का ढांचा दिलचस्प है क्योंकि यह डर को सिर्फ अलौकिक घटनाओं तक सीमित नहीं रखती। यहां परिवार के भीतर जमा दर्द भी उतना ही खतरनाक है जितना बाहर मौजूद डेडाइट्स का आतंक। लेकिन पटकथा इस विचार को पूरी गहराई नहीं दे पाती। कई जगह ऐसा लगता है कि लेखक जल्दी से अगला खौफनाक दृश्य दिखाने के लिए भावनात्मक हिस्सों को अधूरा छोड़ देते हैं।
यही वजह है कि फिल्म का पहला भाग जितना मजबूत लगता है, दूसरा भाग उतना ही वीभत्स और हिंसा का प्रदर्शन बनकर रह जाता है।
सेबेस्टियन वानिसेक ने साबित कर दिया है कि उन्हें हॉरर की भाषा अच्छी तरह आती है। वे सिर्फ अचानक सामने आने वाले डरावने दृश्य पर भरोसा नहीं करते। लंबी खामोशियां, संकरे गलियारे, अंधेरे कमरे और कैमरे की बेचैन हरकतें माहौल को लगातार तनावपूर्ण बनाए रखती हैं।
फिल्म का विजुअल ट्रीटमेंट इसकी सबसे बड़ी ताकत है। कई दृश्य ऐसे हैं जहां कैमरा किसी अदृश्य दानव की तरह किरदारों का पीछा करता है। दर्शक को महसूस होने लगता है कि खतरा हर तरफ मौजूद है।
लेकिन निर्देशक एक जगह आकर संयम खो देते हैं। जहां कहानी को सांस लेने की जरूरत थी, वहां उन्होंने एक के बाद एक खूनी दृश्य परोस दिए। नतीजा यह होता है कि कुछ देर बाद खून की नदियां भी सामान्य लगने लगती हैं।
फिल्म की सबसे बड़ी समस्या यही है कि यह डर और खून-खराबे वाली वीभत्स हिंसा के बीच संतुलन नहीं बना पाती। कई बार लगता है कि निर्देशक को भरोसा नहीं है कि सिर्फ माहौल दर्शक को डरा पाएगा, इसलिए हर दस मिनट बाद खून और हिंसा का नया विस्फोट कर दिया जाता है। शुरुआत में यह रोमांचित करता है, लेकिन बाद में इसका असर कम होने लगता है।
दूसरी कमजोरी इसकी पटकथा है। कुछ किरदार अधूरे रह जाते हैं। उनके फैसले कई बार कहानी की जरूरत के हिसाब से होते हैं, किरदार की मानसिकता के हिसाब से नहीं। अगर फिल्म अपने पात्रों पर थोड़ा और समय देती तो इसका असर कहीं ज्यादा गहरा होता।
यह फिल्म आपको तकनीकी स्तर पर बिल्कुल निराश नहीं करती। आज जब हॉलीवुड की कई फिल्में जरूरत से ज्यादा CGI पर निर्भर हो गई हैं, 'Evil Dead Burn' प्रैक्टिकल इफेक्ट्स पर भरोसा करती है। मेकअप, प्रोस्थेटिक्स और बॉडी हॉरर इतने वास्तविक लगते हैं कि कई दृश्य लंबे समय तक याद रह जाते हैं।
फिल्म का साउंड डिजाइन भी कमाल का है। दरवाजे की चरमराहट, दूर से आती आवाजें और अचानक छा जाने वाली खामोशी कई बार स्क्रीन पर दिख रहे दृश्य से ज्यादा डर पैदा करती है।
मुख्य अभिनेत्री सौहेला याकूब पूरी फिल्म का भावनात्मक केंद्र हैं। डर, गुस्सा, बेबसी और जीने की जिद, उन्होंने हर भावना को बिना अतिरिक्त नाटकीयता के निभाया है।
सहायक कलाकार भी प्रभाव छोड़ते हैं। खासकर जब परिवार के सदस्य एक-दूसरे के खिलाफ खड़े होने लगते हैं, तब कलाकारों का अभिनय कहानी को विश्वसनीय बना देता है। यही वजह है कि फिल्म का भावनात्मक पक्ष, पटकथा कमजोर होने के बावजूद पूरी तरह बिखरता नहीं।
'Evil Dead Rise' में पारिवारिक रिश्तों का दर्द और हॉरर बेहतर तरीके से घुला हुआ था। 'Evil Dead Burn' तकनीकी रूप से उससे ज्यादा महत्वाकांक्षी और कई मामलों में ज्यादा क्रूर है, लेकिन भावनात्मक स्तर पर वह उतना असर नहीं छोड़ पाती।
'Evil Dead Burn' हॉरर प्रेमियों के लिए एक विजुअल ट्रीट है। इसका तकनीकी पक्ष शानदार है, अभिनय मजबूत है और कई दृश्य लंबे समय तक पीछा नहीं छोड़ते। लेकिन जब फिल्म खत्म होती है तो एहसास होता है कि इतनी हिंसा के बावजूद डर कहीं पीछे छूट गया।
- EVIL DEAD BURN (2026) (Dubbed in Hindi)
- निर्देशक: Sébastien Vaniček
- कलाकार : Souheila Yacoub, Tandi Wright, Hunter Doohan, Luciane Buchanan, Erroll Shand
- सेंसर सर्टिफिकेट : ए (केवल वयस्कों के लिए) * 1 घंटा 52 मिनट
- रेटिंग : 3/5

