दायरा रिव्यू: करीना कपूर और पृथ्वीराज की फिल्म पुलिस, एनकाउंटर और न्याय व्यवस्था पर बड़ा सवाल
दायरा रिव्यू: करीना कपूर और पृथ्वीराज की फिल्म पुलिस, एनकाउंटर और न्याय व्यवस्था पर बड़ा सवाल
मेघना गुलज़ार की ‘दायरा’ पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाती है, लेकिन इसका सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि पुलिस सही है या गलत। फिल्म इससे कहीं आगे जाती है और पूछती है कि जब कानून अपना काम करने में असफल या बेहद धीमा नजर आए, तब पुलिस के सामने रास्ता क्या बचता है? क्या अपराधी को पकड़कर अदालत के हवाले कर देना ही पुलिस का अंतिम कर्तव्य है या फिर उस व्यवस्था के खिलाफ जाकर फैसला कर देना जायज है, जिस पर खुद पुलिस का भरोसा डगमगा चुका है?
‘दायरा’ इसी सवाल को एक रेप और मर्डर केस के बैकड्रॉप में रखती है। एक तरफ पुलिस का भ्रष्ट, लापरवाह और निकम्मा चेहरा है। दूसरी तरफ ईमानदार पुलिस अधिकारी हैं, लेकिन उनके भी दो अलग-अलग चेहरे हैं। एक कानून के दायरे में रहकर काम करने में विश्वास रखता है, क्योंकि उसे यही सिखाया गया है। दूसरा मानता है कि अगर अपराधी को कानून की लंबी और संकरी गलियों में छोड़ दिया गया तो वह किसी न किसी रास्ते से बच निकलेगा। उसे तुरंत फैसला चाहिए। यहीं से ‘दायरा’ असल में दिलचस्प होती है।
फिल्म की कहानी चार युवकों द्वारा एक लड़की के साथ रेप करने और बाद में उसे जलाकर मार डालने की घटना से शुरू होती है। यह घटनाक्रम 2019 के हैदराबाद गैंगरेप और मर्डर केस की याद दिलाता है। उस मामले में टोल प्लाजा के पास एक युवती का जला हुआ शव मिला था। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और क्राइम सीन पर ले जाने के दौरान उनके भागने की कोशिश करने की बात सामने आई। इसके बाद चारों का पुलिस एनकाउंटर कर दिया गया।
उस एनकाउंटर पर सवाल भी उठे और उसे फेक एनकाउंटर बताया गया। मामला तेलंगाना हाईकोर्ट तक पहुंचा। ‘दायरा’ इसी तरह की घटना को अपनी कहानी का आधार बनाकर पुलिस, कानून और न्याय व्यवस्था के बीच के उस तनाव को सामने लाती है, जिसका कोई आसान जवाब नहीं है।
फिल्म का पहला बड़ा सवाल पुलिस की लापरवाही को लेकर है। एक जवान लड़की लापता है। उसकी मां और भाई पुलिस थाने पहुंचते हैं, लेकिन एफआईआर दर्ज करने में देरी होती है। उन्हें एक थाने से दूसरे थाने भेजा जाता है। लड़की जवान है, उसका बॉयफ्रेंड होगा जैसी बातें कर पुलिस का रवैया मजाक उड़ाने वाला होता है। यही वह हिस्सा है जो सबसे ज्यादा परेशान करता है। क्योंकि दर्शक जानते हैं कि ऐसे मामलों में शुरुआती कुछ घंटे कितने महत्वपूर्ण हो सकते हैं। अगर पुलिस ने उसी समय तत्परता दिखाई होती तो शायद कहानी कुछ और होती। शायद लड़की जिंदा होती।
मामला बड़ा होने और लड़की की लाश मिलने के बाद जांच डीसीपी रमन कुमार के हाथ में आती है। पृथ्वीराज सुकुमारन ने रमन के किरदार को बेहद संयम के साथ निभाया है। रमन तुरंत एक्शन में आता है और चारों आरोपियों को पकड़ लेता है। लेकिन इसके बाद कहानी उसके भीतर चल रही उथल-पुथल की ओर मुड़ती है।
जब वह पीड़ित परिवार से मिलता है तो उनकी बेबसी और दर्द को करीब से महसूस करता है। उसका गुस्सा बढ़ता है। वह बेचैन होता है, लेकिन इस बेचैनी को वह चीख-चिल्लाकर व्यक्त नहीं करता। उसके चेहरे पर बहुत कुछ नहीं दिखता, लेकिन दर्शक उसके भीतर चल रही लड़ाई को महसूस कर लेते हैं।
रमन को लगता है कि अगर मामला अदालत तक गया तो कानून की प्रक्रिया का फायदा उठाकर अपराधी बच सकते हैं। अंततः वह कानून के रास्ते से हटकर चारों का फेक एनकाउंटर कर देता है। यहां पुलिस का वह चेहरा सामने आता है जो ‘फैसला ऑन द स्पॉट’ में विश्वास करता है। जिसे लगता है कि रेंगती हुई न्याय व्यवस्था अपराधी को सजा दिलाने की गारंटी नहीं देती।
इसके बाद कहानी में करीना कपूर खान की एंट्री होती है। एनकाउंटर की जांच के लिए बनी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी एसआईटी की कमान अजूनी कोहली के हाथ में आती है। अजूनी की सोच बिल्कुल अलग है। उसके लिए अपराधी को पकड़ना पुलिस का काम है और उसे सजा देना अदालत का। पुलिस अगर कानून अपने हाथ में लेने लगेगी तो फिर कानून और अपराधी के बीच अंतर क्या रह जाएगा? यही फिल्म का तीसरा पुलिस चेहरा है।
रमन कहता है कि व्यवस्था पर भरोसा करना मुश्किल है। अजूनी कहती है कि व्यवस्था खराब हो सकती है, लेकिन पुलिस को उसके बाहर जाकर फैसला सुनाने का अधिकार नहीं है। इसकी आड़ लेकर भी गलत काम हो सकते हैं।
और ‘दायरा’ की खूबी यही है कि मेघना गुलज़ार इनमें से किसी एक विचार को दर्शकों के सामने अंतिम सत्य बनाकर पेश नहीं करतीं। वे घटनाएं दिखाती हैं, परिस्थितियां सामने रखती हैं और फैसला दर्शकों पर छोड़ देती हैं।
मेघना गुलज़ार को अक्सर उनके काम के मुकाबले कम आंका जाता है, जबकि ‘तलवार’, ‘राज़ी’, ‘छपाक’ और ‘सैम बहादुर’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग विषयों को अपनी विशिष्ट शैली में पेश किया है। वह कहानी को सीधे-सीधे परोसने के बजाय दर्शक को उसके भीतर प्रवेश करने के लिए मजबूर करती हैं। ‘दायरा’ में भी यही तरीका दिखाई देता है।
वह शुरुआत में कई सवाल खड़े करती हैं और धीरे-धीरे उनके जवाब सामने लाती हैं। घटनाओं और जांच को आगे-पीछे करके पेश किया गया है। ऐसे नैरेटिव में सबसे बड़ी चुनौती होती है कि दर्शक कहानी से जुड़ा रहे और घटनाओं के क्रम में उलझे नहीं।
यहां मेघना गुलज़ार और एडिटर चारू श्री रॉय की एडिटिंग उल्लेखनीय है। घटनाओं की टाइमलाइन के साथ खेलते हुए भी फिल्म अनावश्यक कंफ्यूजन पैदा नहीं करती। एडिटिंग में जिस सफाई की जरूरत ऐसे विषय में होती है, वह दिखाई देती है।
मेघना ने ड्रामे को सनसनीखेज होने से बचाया है। यह उनकी फिल्म की ताकत है, लेकिन कुछ जगह यही संयम कमजोरी बन जाता है। ‘दायरा’ के विषय में इतना दम है कि वह दर्शक को भीतर तक हिला सकती थी। कुछ दृश्यों में वह असहजता पैदा करती है, लेकिन जिस तीव्रता की उम्मीद इस कहानी से होती है, वह हर जगह नहीं आ पाती।
फिल्म कई बार आपको बेचैन करती है। खासकर तब, जब पुलिस की लापरवाही और सिस्टम की जड़ता सामने आती है। लेकिन कई मौकों पर लगता है कि निर्देशक थोड़ा और ठहर सकती थीं। दर्शक को उस दर्द और गुस्से के साथ कुछ देर और रहने दिया जा सकता था।
पृथ्वीराज सुकुमारन ने रमन कुमार को बहुत नियंत्रित अंदाज में निभाया है। उनका किरदार गुस्से से भरा हुआ है, लेकिन वह गुस्सा चेहरे पर आसानी से दिखाई नहीं देता। उनकी आंखों और बॉडी लैंग्वेज से दर्शक समझते हैं कि भीतर कितना कुछ चल रहा है। यह अभिनय का वह स्तर है जहां कलाकार को संवादों से ज्यादा चुप्पी पर भरोसा करना पड़ता है।
करीना कपूर खान भी अजूनी के किरदार में एक मैच्योर एक्ट्रेस की तरह दिखाई देती हैं। उनके किरदार में भावनाओं के बजाय तर्क ज्यादा है और करीना इस संतुलन को बनाए रखने में सफल रहती हैं। हालांकि पृथ्वीराज और करीना जैसे स्मार्ट और ग्लैमरस व्यक्तित्व वाले कलाकार पुलिस अधिकारियों के किरदार में थोड़ा मिसकास्ट महसूस हो सकते हैं। वास्तविक पुलिस व्यवस्था में इस तरह का व्यक्तित्व आमतौर पर कम नजर आता है। लेकिन अभिनय के स्तर पर दोनों अपने किरदारों की जरूरत पूरी करते हैं।
‘दायरा’ तकनीकी स्तर पर भी मजबूत फिल्म है। फिल्म का एकमात्र गाना ‘सच का दायरा’ इसकी थीम के साथ चलता है। फिल्म का ट्रीटमेंट इसे सामान्य क्राइम ड्रामा बनने से रोकता है। यहां अपराध सिर्फ कहानी को आगे बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि उसके जरिए पुलिस व्यवस्था, न्याय प्रक्रिया और समाज की सोच को जांचने की कोशिश की गई है।
‘दायरा’ कोई आसान जवाब देने वाली फिल्म नहीं है। यह पुलिस के तीन चेहरों को सामने रखती है, लापरवाही करने वाली पुलिस, कानून के दायरे में रहने वाली पुलिस और व्यवस्था से निराश होकर खुद फैसला करने वाली पुलिस। फिल्म का सबसे बड़ा सवाल यही है कि सही क्या है? ‘दायरा’ इन रास्तों के बीच दर्शक को खड़ा कर देती है। वह उंगली उठाकर यह नहीं कहती कि इधर खड़े होइए या उधर। वह सिर्फ आईना दिखाती है।
- DAAYRA (2026)
- निर्देशक: मेघना गुलज़ार
- गीतकार: गुलज़ार
- संगीतकार: अमित त्रिवेदी
- कलाकार: पृथ्वीराज सुकुमारन, करीना कपूर ख़ान
- सेंसर सर्टिफिकेट: ए (केवल वयस्कों के लिए) * 2 घंटे 23 मिनट 16 सेकंड
- रेटिंग : 3/5

