Anaconda Review: रीमेक बनाते-बनाते सामने आ गया असली खतरा
हॉलीवुड में रीमेक अब कोई नई बात नहीं रही, लेकिन Anaconda (2025) एक अलग रास्ता चुनती है। यह फिल्म 1977 की क्लासिक एनाकोंडा की सीधी रीमेक नहीं है, बल्कि उन लोगों की कहानी है जो उस फिल्म को दोबारा बनाना चाहते हैं।
कहानी चार दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अमेज़न के जंगलों में एनाकोंडा की रीमेक शूट करने निकलते हैं। सब कुछ प्लान के मुताबिक चल रहा होता है, लेकिन तभी हालात बिगड़ते हैं और फिल्म के सेट पर असली एनाकोंडा की एंट्री हो जाती है। इसके बाद फिल्म मेकिंग और ज़िंदगी बचाने की जद्दोजहद एक-दूसरे में घुलने लगती है।
फिल्म का कॉन्सेप्ट दिलचस्प है। एक कल्ट क्लासिक को रीमेक करने की कोशिश और उसी दौरान असली खतरे का सामने आ जाना, यह विचार अपने आप में फ्रेश लगता है। कुछ हिस्सों में फिल्म हल्की-फुल्की कॉमेडी के साथ एंटरटेन करती है और दर्शक जुड़े रहते हैं।
हालांकि, पटकथा की सबसे बड़ी समस्या यही है कि यह अपने आइडिया की गहराई तक नहीं जा पाती। कई सीन सिर्फ सतह पर रह जाते हैं और क्लाइमैक्स उम्मीद के मुताबिक असर नहीं छोड़ता। निर्देशन सधा हुआ है, लेकिन फिल्म कहीं भी जोखिम नहीं उठाती।
फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष जैक ब्लैक और पॉल रुड हैं। दोनों अपनी पहचान वाले अंदाज में नजर आते हैं और कई सीन को सिर्फ अपनी मौजूदगी से संभाल लेते हैं। उनकी केमिस्ट्री फिल्म को देखने लायक बनाती है।
स्टीव ज़ान ठीक-ठाक हैं, जबकि थांडीवे न्यूटन और डेनिएला मेलचियर जैसे कलाकारों को ज्यादा कुछ करने का मौका नहीं मिलता। सहायक किरदार कहानी को आगे बढ़ाते हैं, लेकिन यादगार नहीं बन पाते।
टॉम गॉर्मिकन का निर्देशन संतुलित और सधा हुआ है। डेविड फ्लेमिंग का बैकग्राउंड म्यूजिक कहानी का साथ देता है, पर डर या रोमांच का स्तर सीमित ही रहता है। नाइजल ब्लक की सिनेमैटोग्राफी अमेज़न के जंगलों को प्रभावशाली ढंग से कैमरे में कैद करती है, लेकिन विजुअल्स में ऐसा कुछ नहीं है जो लंबे समय तक याद रहे। प्रोडक्शन डिजाइन कहानी की जरूरतों के अनुरूप है। क्रेग अल्पर्ट और ग्रेगरी एडिटिंग टाइट और शार्प है, जिससे फिल्म की गति बनी रहती है। वहीं डबिंग की क्वालिटी भी अच्छी है और संवाद सुनने में स्वाभाविक लगते हैं।
एनाकोंडा (2025) एक ऐसी फिल्म है, जो एक अच्छे विचार के साथ शुरू होती है लेकिन उसे पूरी ताकत से इस्तेमाल नहीं कर पाती। यह न तो पूरी तरह डराती है और न ही खुलकर हंसाती है। अगर आप कुछ नया या यादगार हॉरर-कॉमेडी ढूंढ रहे हैं, तो उम्मीदें थोड़ी कम रखनी होंगी। वैसे बेहतर ये है कि इसका ओटीटी पर आने का इंतजार किया जाए।
-
ANACONDA (2025)
-
निर्देशक: टॉम गॉर्मिकन
-
संगीत: डेविड फ्लेमिंग
-
कलाकार: जैक ब्लैक, पॉल रुड, थांडीवे न्यूटन, डेनिएला मेलचियर
-
रेटिंग : 2/5