Moana Preview: मोआना की कहानी से निकला हर लड़की के लिए बड़ा संदेश
डिज्नी की बहुप्रतीक्षित लाइव-एक्शन फिल्म 'मोआना' (Moana) सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म में पहली बार मोआना का किरदार निभा रहीं 19 वर्षीय एक्ट्रेस कैथरीन लागाइआ का मानना है कि यह सिर्फ एक एडवेंचर फिल्म नहीं, बल्कि हर उस लड़की की कहानी है जो जिंदगी में अपने सपनों का पीछा करने से डरती है।
कैथरीन का कहना है कि मोआना की सबसे बड़ी सीख है, खुद पर भरोसा करना और उन रास्तों पर भी कदम बढ़ाना, जहां जाने से डर लगता हो।
'अपनी सीमाओं से बाहर निकलो' यही है मोआना की असली सीख
जब कैथरीन से पूछा गया कि आज की युवा लड़कियों को मोआना क्या सलाह देना चाहेगी, तो उन्होंने फिल्म में दादी ताला और मोआना के रिश्ते का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि फिल्म में दादी ताला हमेशा मोआना को 'रीफ' यानी सुरक्षित सीमाओं से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। निर्देशक थॉमस कैल भी अक्सर यही कहते थे कि दादी ताला को मोआना की क्षमता पर उससे भी ज्यादा भरोसा था।
कैथरीन के मुताबिक, जिंदगी में कई बार हमें खुद अपनी ताकत का अंदाजा नहीं होता, लेकिन अगर कोई मौका मिले तो उसे डर की वजह से छोड़ना नहीं चाहिए। हर अवसर को अपनाना ही आगे बढ़ने का सबसे अच्छा रास्ता है।
इस फिल्म ने कैथरीन की जिंदगी भी बदल दी
कैथरीन ने बताया कि 'मोआना' की शूटिंग उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि खुद को पहचानने का सफर भी रही।
उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान कई ऐसे मौके आए जब वह घबराई हुई थीं। उन्हें नहीं पता था कि आगे क्या होगा और क्या वे सफल हो पाएंगी। लेकिन फिल्म पूरी होने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि अब वह पहले से कहीं ज्यादा निडर हो चुकी हैं।
उनके मुताबिक अब अगर कोई बड़ा या मुश्किल मौका सामने आए, तो वह उससे पीछे हटने के बजाय उसे अपनाने की कोशिश करेंगी। यही बदलाव इस फिल्म ने उनकी सोच में लाया है।
क्या है कहानी
कहानी मोआना के उस साहसिक सफर पर आधारित है, जिसमें वह अपने द्वीप मोटुनुई को बचाने और लोगों की समृद्धि बहाल करने के लिए समुद्र की विशाल लहरों के बीच पहली बार एक जादुई और अनूठी यात्रा पर निकलती है। इस रोमांचक सफर में माउई उसका साथ देता है।
10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी 'मोआना'
डिज्नी की यह लाइव-एक्शन फिल्म एमी और टोनी अवॉर्ड विजेता निर्देशक थॉमस कैल के निर्देशन में बनी है। फिल्म का निर्माण ड्वेन जॉनसन, डैनी गार्सिया, ब्यू फ्लिन, हिराम गार्सिया और लिन-मैनुअल मिरांडा ने किया है।
फिल्म में लोकप्रिय एनिमेटेड संस्करण के कई पसंदीदा गाने नए अंदाज में सुनने को मिलेंगे। संगीत लिन-मैनुअल मिरांडा, ओपेटाया फोआई और मार्क मैनसीना ने तैयार किया है, जबकि बैकग्राउंड स्कोर भी मार्क मैनसीना ने दिया है।
भारत में 'मोआना' 10 जुलाई 2026 से अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में सिर्फ सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
