1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. varun dhawan struggle story night club job to bollywood star
Last Modified: शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 (10:47 IST)

कभी नाइट क्लब में बेची शराब, तो कभी बांटे पैंप्लेट, स्टार किड वरुण धवन के संघर्ष की पूरी कहानी

Varun Dhawan struggle story
बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन 24 अप्रैल को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। वरुण का नाम उन चंद सितारों में शुमार है जिन्होंने बहुत कम समय में मास और क्लास दोनों तरह की ऑडियंस के बीच अपनी जगह बनाई है। फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज निर्देशक डेविड धवन के बेटे होने के नाते लोगों को लगता होगा कि उनका रास्ता फूलों से भरा था, लेकिन वरुण की कहानी इससे बिल्कुल उलट है।
 

पिता ने लॉन्च करने से किया था इनकार

वरुण धवन के पास एक फिल्मी विरासत थी, लेकिन उनके पिता डेविड धवन ने एक सख्त पिता की भूमिका निभाते हुए उन्हें अपने होम प्रोडक्शन के तले लॉन्च करने से साफ इनकार कर दिया था। डेविड चाहते थे कि वरुण खुद की काबिलियत साबित करें और इंडस्ट्री में अपनी जगह खुद तलाशें। यही कारण था कि वरुण ने अपनी पहली फिल्म के लिए खुद ऑडिशन दिए।
 

'नाइट क्लब' की नौकरी 

वरुण की शुरुआती शिक्षा मुंबई में हुई, लेकिन उच्च शिक्षा के लिए वह इंग्लैंड चले गए। नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई करते समय उन्होंने वह दौर भी देखा जो किसी आम छात्र का होता है। अपनी पॉकेट मनी और खर्चों के लिए वरुण ने लंदन के नाइट क्लबों में शराब सर्व करने का काम किया और गलियों में पैंप्लेट भी बांटे। यह अनुभव उन्हें जमीन से जोड़े रखने में काफी मददगार साबित हुआ।
 
भले ही वरुण अपनी बेहतरीन एक्टिंग और डांसिंग के लिए जानते हैं, लेकिन बचपन में उनका सपना कुछ और ही था। वरुण धवन रेसलर बनना चाहते थे। उन्हें रेसलिंग के रिंग और सुपरस्टार 'द रॉक' से बेहद लगाव था। हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। फिल्मी माहौल ने धीरे-धीरे उन्हें कला की ओर खींच लिया।
 

बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर शुरू किया सफर

कैमरे के सामने आने से पहले वरुण ने कैमरे के पीछे काम करना सीखा। साल 2010 में आई करण जौहर की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'माय नेम इज खान' में वरुण धवन बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम कर रहे थे। इसी सेट पर उनकी मेहनत देख करण जौहर ने उन्हें अपनी अगली फिल्म के लिए साइन करने का मन बना लिया था।
 

'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से धमाकेदार शुरुआत

साल 2012 में आई फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' ने वरुण को रातों-रात स्टार बना दिया। फिल्म में उनके चॉकलेटी बॉय इमेज और बेहतरीन डांस ने युवाओं को अपना दीवाना बना लिया। इसके बाद वरुण ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 'मैं तेरा हीरो' और 'जुड़वा 2' जैसी फिल्मों में काम किया, जहाँ लोगों को उनमें दिग्गज एक्टर गोविंदा की छवि नजर आई।
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
'द ट्रायल' के लिए काजोल ने तोड़ी अपनी 32 साल पुरानी नो-किसिंग पॉलिसी, बताई वजह