'है जवानी तो इश्क होना है' का मजेदार ट्रेलर रिलीज, दो हसीनाओं के बीच फंसे वरुण धवन
निर्देशक डेविड धवन एक बार फिर वह अपने सिग्नेचर स्टाइल के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। लंबे इंतजार और भारी सस्पेंस के बाद उनकी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' का मजेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े लीड़ रोल में नजर आने वाली हैं।
ट्रेलर की शुरुआत वरुण धवन और उनकी ऑन-स्क्रीन पत्नी मृणाल ठाकुर के रोमांटिक पलों से होती है। लेकिन यह रोमांस जल्द ही कोर्ट-कचहरी के चक्कर में बदल जाता है। मृणाल का किरदार वरुण के हद से ज्यादा प्यार और अटेंशन से तंग आकर तलाक की मांग करता है। इस पर वरुण का सीधा सा जवाब होता है कि वह बहुत शिद्दत से 'पिता' बनना चाहते हैं।
कहानी में असली ट्विस्ट तब आता है जब तलाक की कार्यवाही के बीच वरुण की जिंदगी में पूजा हेगड़े की एंट्री होती है। वरुण उनसे भी प्यार कर बैठते हैं। किस्मत का ऐसा अनोखा खेल पलटता है कि जो शख्स पिता बनने के लिए तरस रहा था, वह एक साथ मृणाल और पूजा दोनों के बच्चों का पिता बनने वाला होता है।
इस 'डबल ट्रबल' को छुपाने के लिए वरुण और उनके दोस्त (मनीष पॉल) दोनों अभिनेत्रियों को एक-दूसरे से दूर रखने की हर मुमकिन कोशिश करते हैं, जो दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर देती है। फिल्म में जिमी शेरगिल पूजा के विलेन भाई के रोल में हैं, जबकि मौनी रॉय वरुण की नकली मां के अनोखे किरदार में नजर आ रही हैं।
फिल्म का ट्रेलर खूब सारी कॉमेडी, ट्विस्ट और कन्फ्यूजन से भरा हुआ है। ट्रेलर में 'धुरंधर' के जमील जमाली यानी राकेश बेदी की भी झलक दिखाई गई है। वह इस फिल्म में एक डॉक्टर का किरदार निभा रहे हैं। फैंस को फिल्म का ट्रेलर काफी पसंद आ रहा है।
जितना हंगामा फिल्म के ट्रेलर में है, उतना ही बवाल इसके पीछे की कानूनी लड़ाई को लेकर मचा हुआ है। दरअसल, फिल्म में 1999 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बीवी नंबर 1' के आइकॉनिक गाने 'चुनरी चुनरी' को रीक्रिएट किया गया है। ट्रेलर के बैकग्राउंड में भी यह गाना साफ सुना जा सकता है। 'बीवी नंबर 1' के निर्माता वासु भगनानी की कंपनी 'पूजा एंटरटेनमेंट' ने 'टिप्स म्यूजिक' के खिलाफ कोर्ट का रुख किया है। उनका आरोप है कि टिप्स ने उनकी अनुमति के बिना इस गाने को रीक्रिएट किया है।
तमाम विवादों और कानूनी खींचतान के बावजूद, फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है। डेविड धवन और वरुण धवन की पिता-पुत्र की जोड़ी इससे पहले 'मै तेरा हीरो', 'जुड़वा 2' और 'कुली नंबर 1' जैसी फिल्में दे चुकी है। यह उनकी साथ में चौथी फिल्म है।
'टिप्स फिल्म्स' के बैनर तले बनी और रमेश तौरानी द्वारा निर्मित यह कन्फ्यूजन-कॉमेडी फिल्म 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म में अली असगर, चंकी पांडे, कुब्रा सैफ और राजेश कुमार भी हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें