सम्बंधित जानकारी
- रेड कट-आउट क्रॉप टॉप में कंगना शर्मा ने ढहाया कहर, तस्वीरों ने लगाई इंटरनेट पर आग
- रोहित शेट्टी को फिर मिली जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मांगी 20 करोड़ की रंगदारी!
- 10 साल बाद टूटा आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना का रिश्ता, 'लॉक अप 2' में किया तलाक का ऐलान
- 'सत्यप्रेम की कथा' के 3 साल: कैसे कार्तिक आर्यन का सत्तू बना बॉलीवुड का सबसे बड़ा ग्रीन फ्लैग हीरो
- रांझणा से अतरंगी रे तक: आनंद एल राय की वो फिल्में जिन्होंने दिल जीत लिया
महज 7 साल की उम्र में उपासना सिंह ने शुरू कर दिया था एक्टिंग करियर, मैंने प्यार किया से इस वजह से हो गई थीं बाहर
बॉलीवुड और टीवी जगत में अपनी बेहतरीन कॉमेडी और दमदार एक्टिंग से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली एक्ट्रेस उपासना सिंह 29 जून को अपना जन्मदिन मना रही हैं। पंजाब के होशियारपुर में जन्मी उपासना ने सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि पंजाबी, गुजराती और राजस्थानी सिनेमा में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है।
छोटे पर्दे पर 'कपिल शर्मा शो' में 'पिंकी बुआ' के किरदार से घर-घर में मशहूर हुईं उपासना की प्रोफेशनल लाइफ जितनी शानदार रही है, उनकी जिंदगी से जुड़े किस्से भी उतने ही दिलचस्प हैं। बहुत कम लोग जानते हैं कि उपासना सिंह का बचपन का सपना कभी एक्ट्रेस बनना था ही नहीं, वह तो एक डॉक्टर बनना चाहती थीं। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
महज 7 साल की उम्र में दूरदर्शन से अपने करियर की शुरुआत करने वाली उपासना ने पंजाब यूनिवर्सिटी से ड्रामेटिक आर्ट्स में मास्टर्स की डिग्री ली और एक्टिंग की दुनिया में कदम रख दिया। उपासना सिंह ने साल 1986 में मशहूर राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म 'बाबुल' से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी।
हालांकि, उन्हें इंडस्ट्री में असली और बड़ी पहचान साल 1988 में आई राजस्थानी फिल्म 'बाई चली सासरिए' से मिली। यह फिल्म उस दौर में इतनी बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी कि सिनेमाघरों में लगातार 100 से ज्यादा दिनों तक हाउसफुल चली थी। इस फिल्म ने उपासना को रातों-रात स्टार बना दिया था।
'मैंने प्यार किया' की 'सुमन' बनने वाली थीं उपासना
साल 1989 में आई राजश्री प्रोडक्शंस की कल्ट क्लासिक और ब्लॉकबस्टर फिल्म 'मैंने प्यार किया' (Maine Pyar Kiya) में लीड एक्ट्रेस 'सुमन' के किरदार के लिए भाग्यश्री नहीं, बल्कि उपासना सिंह पहली पसंद थीं। लेकिन एक छोटी सी शारीरिक खूबी उनके रिजेक्शन की वजह बन गई।
एक इंटरव्यू में इस राज से पर्दा उठाते हुए उपासना सिंह ने बताया था कि जब वह पहली बार मुंबई आईं, तो डायरेक्टर सूरज बड़जात्या से मिलीं। सूरज को उनका ऑडिशन इतना पसंद आया कि उन्होंने उपासना को फिल्म की कहानी सुनाई और लीड रोल के लिए सेलेक्ट कर लिया। सूरज बड़जात्या ने उनसे कहा था, "मेरी तरफ से तुम फाइनल हो, कल आकर मेरे पिता (राज कुमार बड़जात्या) से मिल लो।
उपासना ने बताया था अगले ही दिन जब मैं उनके पिता से मिली, तो उन्होंने मुझे रिजेक्ट कर दिया। वे बहुत ही शालीन और प्यारे लोग हैं, इसलिए उन्होंने मुझे सीधे रिजेक्ट न करके दोबारा मिलने के लिए बुलाया। उपासना सिंह ने खुलासा किया था कि उन्हें एक्टिंग या लुक की वजह से नहीं, बल्कि अपनी हाइट के कारण फिल्म से हाथ धोना पड़ा था। दरअसल, उपासना सिंह की हाइट सुपरस्टार सलमान खान से ज्यादा थी।
मेकर्स को फिल्म के लिए एक ऐसी लड़की की तलाश थी, जो पर्दे पर सलमान खान से थोड़ी छोटी दिखे ताकि दोनों की केमिस्ट्री परफेक्ट लगे। उपासना के लंबा होने की वजह से मेकर्स ने आखिरी वक्त पर उन्हें रिप्लेस करके भाग्यश्री को कास्ट कर लिया, और यह फिल्म इतिहास का हिस्सा बन गई।
उपासना ने बताया था कि उन्होंने कभी किसी से इस रिजेक्शन का जिक्र नहीं किया क्योंकि वह रोल उनके हाथ से निकल चुका था। लेकिन सालों बाद जब उन्होंने राजश्री प्रोडक्शंस की ही फिल्म 'मैं प्रेम की दीवानी हूं' में काम किया, तो प्रोड्यूसर राज कुमार बड़जात्या ने खुद पूरी स्टारकास्ट के सामने इस बात की घोषणा की थी। उन्होंने सेट पर सबके सामने कहा था, "क्या आप जानते हैं कि 'मैंने प्यार किया' की सुमन के लिए हमारी पहली पसंद कौन थी? वह उपासना सिंह थीं।"
