'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' का रोंगटे खड़े कर देने वाला टीजर रिलीज, अब ये 3 अभिनेत्रियां खोलेंगी राज
विपुल अमृतलाल शाह की 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'द केरल स्टोरी' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया था। वहीं अब वह इस फिल्म का सीक्वल 'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' लेकर आ रहे हैं। मेकर्स ने इस फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया है।
इस फिल्म के टीजर ने सोशल मीडिया पर आते ही चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है। 2 मिनट 6 सेकंड का टीजर पहले पार्ट से भी अधिक आक्रामक और गंभीर होने का संकेत देता है। इस बार कहानी केवल केरल तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों की 'छिपी हुई सच्चाइयों' को उजागर करने का दावा करती है।
टीजर में तीन लड़कियों की कहानियों को समानांतर दिखाया गया है, जो अपने सपनों को पूरा करना चाहती थीं लेकिन कथित 'जाल' में फंस गईं। टीजर की शुरुआत तीन लड़कियों की अधूरी ख्वाहिशों और सपनों से होती है, जो प्यार के जाल में फंसकर अपनी पहचान खो देती हैं।
ये लड़कियां खुशी-खुशी अपने सपनों के बारे में बताती हैं, लेकिन जल्द ही माहौल डरावना हो जाता है। टीजर में दिखाया गया है कि कैसे तीन लड़के इन्हें प्यार के जाल में फंसाते हैं। टीजर के अंत में ये तीनों लड़कियां हिजाब में नजर आती हैं और अपने साथ हुए धोखे और धर्म परिवर्तन की कहानी बयां करती हैं।
टीजर से साफ है कि फिल्म का कैनवास इस बार बड़ा है। यह फिल्म केरल से आगे बढ़कर राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में कथित तौर पर हो रहे धर्मांतरण और 'लव ट्रैप' के मुद्दों को उठाएगी। टीजर का मुख्य संदेश इसके कैप्शन में छिपा है, 'हमारी बेटियां प्यार में नहीं पड़तीं, वे जाल में फंस जाती हैं। अब सहेंगे नहीं, लड़ेंगे।'
फिल्म में दिखेगी नई स्टार कास्ट
इस बार फिल्म में अदा शर्मा की जगह तीन नए चेहरे मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। मेकर्स ने इस बार टेलीविजन और डिजिटल वर्ल्ड के चर्चित चेहरों को चुना है, ताकि कहानी में ताजगी बनी रहे। इनके नाम उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा है।
'द केरल स्टोरी 2' का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह कर रही हैं। वहीं फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह है। यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।