उड़ने की आशा में 7 साल का महा-लीप: बिखर जाएगी सचिन और सायली की गृहस्थी?
स्टार प्लस का नंबर वन फैमिली ड्रामा सीरियल 'उड़ने की आशा' इन दिनों दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा है। लेकिन अब शो के मेकर्स दर्शकों को एक बहुत बड़ा सरप्राइज देने जा रहे हैं। सीरियल में 7 साल का लंबा लीप आने वाला है, जो सचिन और सायली की हंसती-खेलती जिंदगी को पूरी तरह से पलट कर रख देगा।
इस महा-लीप के साथ ही शो की कहानी एक बेहद भावुक और नए सफर की तरफ मुड़ जाएगी, जहां हर मोड़ पर दर्शकों के लिए सस्पेंस और इमोशनल ड्रामा देखने को मिलेगा। 'उड़ने की आशा' में 'सचिन' की भूमिका निभा रहे लोकप्रिय अभिनेता कंवर ढिल्लों इस लीप के बाद बिल्कुल नए अंदाज में नजर आने वाले हैं। लीप के बाद अपने किरदार को और भी परिपक्व और फ्रेश दिखाने के लिए कंवर ने अपने लुक के साथ एक बड़ा एक्सपेरिमेंट किया है।
कंवर ढिल्लों ने अपने नए लुक के बारे में बात करते हुए बताया, पिछले ढाई सालों से दर्शकों ने सचिन और सायली के इस सफर को सिर्फ एक सीरियल की तरह नहीं देखा, बल्कि दिल से जिया है। फैंस इस ऑन-स्क्रीन जोड़ी से भावनात्मक रूप से जुड़ चुके हैं। इस नए फेज के लिए मैंने अपने लुक में एक बड़ा बदलाव किया है। मैंने आखिरकार ढाई साल बाद पहली बार इस शो के लिए अपने बाल कटवाए हैं। मैं उम्मीद करता हूँ कि दर्शकों को सचिन का यह बदला हुआ रूप पसंद आएगा।
क्या है सचिन और सायली की नई कहानी?
लीप के बाद सचिन और सायली की जिंदगी का कैनवास पूरी तरह बदल चुका है। दोनों अपनी बेटी 'पूर्णा' के साथ एक नए शहर में अपनी दुनिया बसाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इस हंसते हुए चेहरे के पीछे एक गहरा सन्नाटा और दर्द छुपा हुआ है।
सचिन और सायली का बेटा उनसे दूर हो चुका है। दोनों को लगता है कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा, लेकिन असलियत यह है कि उनका बेटा जीवित है और किसी और जगह पल-बढ़ रहा है। बेटे के खोने का गम और इस कड़वे सच से अनजान होकर जीना, सचिन और सायली के रिश्ते को किस मोड़ पर ले जाएगा, यही इस शो का सबसे बड़ा सस्पेंस होने वाला है।
शो में सायली का मुख्य किरदार निभा रहीं एक्ट्रेस नेहा हरसोरा (Neha Harsora) भी इस नए ट्रैक को लेकर काफी इमोशनल हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पहली बार इस लीप की स्क्रिप्ट सुनी थी, तो उनकी आँखों में आंसू आ गए थे। सायली के जीवन का यह नया संघर्ष हर उस माँ को छू जाएगा जो अपने बच्चे से दूर रहने का दर्द सहती है।

