'द वॉयस' स्टार डायलन कार्टर का 24 साल की उम्र में निधन, कार हादसे में गई सिंगर की जान
मशहूर सिंगिंग रियलिटी शो 'द वॉयस' के पूर्व प्रतियोगी और उभरते हुए कंट्री सिंगर डायलन कार्टर का निधन हो गया है। दक्षिण कैरोलिना के कोलेटन काउंटी में हुए एक दर्दनाक कार हादसे में डायलन की मौत हो गई। महज 24 साल की उम्र में उनके इस तरह चले जाने से उनके फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री गहरे सदमे में है।
खबरों के अनुसार यह दुखद घटना 25 अप्रैल की रात की है। डायलन कार्टर अपनी 2026 मॉडल की टेस्ला कार से कोलेटन काउंटी में यू.एस. रूट 21 पर दक्षिण की ओर जा रहे थे। अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और एक बिजली के खंभे व बाड़ से टकराने के बाद पलट गई।
कोलेटन काउंटी के कोरोनर ने पुष्टि की है कि डायलन की मृत्यु कार दुर्घटना के दौरान आई 'ब्लंट फोर्स इंजरी' के कारण हुई। हालांकि उन्होंने सीटबेल्ट पहनी हुई थी, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि अस्पताल ले जाने के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
'द वॉयस' में बनाया था यादगार रिकॉर्ड
डायलन कार्टर साल 2023 में 'द वॉयस' के 24वें सीजन में नजर आए थे। उस समय उनकी उम्र केवल 20 वर्ष थी। उन्होंने अपने ब्लाइंड ऑडिशन में व्हिटनी ह्यूस्टन का क्लासिक गाना "I Look to You" गाकर शो के चारों जजों—रीबा मैकिन्टायर, नायल होरान, जॉन लीजेंड और ग्वेन स्टेफनी—को अपनी कुर्सियां मोड़ने पर मजबूर कर दिया था।
यह परफॉर्मेंस न केवल तकनीकी रूप से शानदार था, बल्कि भावनात्मक भी था। डायलन ने बताया था कि यह गीत उनकी दिवंगत मां के लिए एक श्रद्धांजलि था। उन्होंने अपनी मां के अंतिम संस्कार में इस गाने को गाने की कोशिश की थी, लेकिन तब वे भावुक होकर इसे पूरा नहीं कर पाए थे। 'द वॉयस' के मंच पर उन्होंने उस वादे को पूरा किया।
डायलन कार्टर केवल एक अच्छे गायक ही नहीं, बल्कि एक नेक दिल इंसान भी थे। उन्होंने 'The Local Voice' नाम से एक एनजीओ की सह-स्थापना की थी, जो कैंसर से जूझ रही महिलाओं की मदद करती है। अपनी मां को कैंसर से खोने के बाद उन्होंने इस मिशन को अपनाया था। इसके अलावा, वह एक सफल रियल एस्टेट एजेंट भी थे।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें