'द पैराडाइज' में नानी का होगा रॉ और बेबाक अंदाज, सेक्स वर्कर के बेटे की भूमिका में आएंगे नजर
'द पैराडाइज' में नेचुरल स्टार नानी लीड रोल में नजर आएंगे, जो जर्सी और हाय नन्ना जैसी फिल्मों में अपने दमदार और इमोशनल किरदारों के लिए जाने जाते हैं। इस फिल्म में नानी पहली बार एक बिल्कुल अलग, इंटेंस और बेबाक अवतार में दिखाई देंगे, जहां रॉ ड्रामा के साथ जबरदस्त एक्शन भी देखने को मिलेगा।
द पैराडाइज भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा चर्चित फिल्मों में से एक है, जिसमें नेचुरल स्टार नानी लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर श्रीकांत ओडेला ने किया है। अनाउंसमेंट के बाद से ही फिल्म को लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है।
इसका दमदार टीजर, पोस्टर्स और गाना इंटरनेट पर छाए हुए हैं और दर्शकों को एक ऐसी फिल्म की झलक दे रहे हैं, जिसमें एक्शन, ड्रामा और थ्रिल भरपूर देखने को मिलेगा। टीजर में नानी के किरदार जड़ाल की भी जबरदस्त झलक देखने को मिली, जो काफी खतरनाक, रॉ और देसी अंदाज में नजर आ रहा है। फिल्म की कहानी झुग्गी-बस्ती की पृष्ठभूमि पर सेट है।
टीजर में नानी का किरदार एक ऐसे शख्स के तौर पर सामने आता है, जो हालात के बीच एक अनलाइकली लीडर बनकर उभरता है। टीजर में उसके हिंसक और किसी के सामने न झुकने वाले अंदाज की झलक भी मिल चुकी है। हालांकि, फिल्म से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, नानी एक सेक्स वर्कर के बेटे का किरदार निभाएंगे और उनकी दमदार बैकस्टोरी ही उनके किरदार के बदलाव में अहम भूमिका निभाएगी।
सूत्र ने बताया, नानी फिल्म में अपने अब तक के सबसे बेबाक और खतरनाक अवतार में नजर आएंगे। टीजर में हमने जो देखा है, वह सिर्फ शुरुआत है। नानी एक फुल एक्शन अवतार में दिखाई देंगे, जिसमें उन्हें किसी पर भी रहम करते हुए नहीं देखा जाएगा। किरदार को इसी तरह से डिजाइन किया गया है।
सूत्र ने आगे बताया, उनकी एक मजबूत बैकस्टोरी भी है, जिसमें वह सोनाली कुलकर्णी के निभाए सेक्स वर्कर के बेटे के तौर पर समाज में आते हैं। वह सबसे खराब झुग्गी-बस्तियों में से एक में रहते हैं और मोहन बाबू और उनके बेटे का किरदार निभा रहे राघव जुयाल के बड़े माफिया जमींदारों के अत्याचार का सामना करते हैं। उन्हें एक छोटी सी जगह में बेहद दबाकर रखा जाता है और इसी माहौल में नानी का किरदार लोगों का रक्षक बनकर सामने आता है।
फिल्म की दुनिया को बड़े स्तर पर दिखाने के लिए इसके मेकर्स ने काफी मेहनत की है। कहानी के लिए खास तौर पर एक बड़े झुग्गी-बस्ती के सेट का निर्माण किया गया। करीब 2.5 एकड़ में फैले इस सेट को तैयार करने से पहले भारत की अलग-अलग झुग्गी-बस्तियों का गहराई से अध्ययन किया गया, ताकि फिल्म की लोकेशन में असलियत के साथ-साथ बड़े स्तर का भी एहसास मिले।
एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी द पैराडाइज 24 सितंबर 2026 को बड़े स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को आठ भाषाओं हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज किया जाएगा। फिल्म की ग्लोबल पहुंच को देखते हुए मेकर्स ने हॉलीवुड स्टार रयान रेनॉल्ड्स से भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में द पैराडाइज को प्रेजेंट करने के लिए संपर्क किया है।

