थलपति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' रिलीज से एक दिन पहले हुई पोस्टपोन
साउथ सुपरस्टार और TVK प्रमुख थलपति विजय के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' रिलीज से पहले मुश्किलों में घिरी हुई है। फिल्म के सेंसर बोर्ड सर्टिफिकेट को लेकर मुश्किल बढ़ती जा रही है। यह फिल्म 9 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी।
लेकिन अब 'जन नायकन' की रिलीज को टाल दिया गया है। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस केवीएन प्रॉडक्शंस ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह फैसला लेना आसान नहीं था। फिलहाल मेकर्स ने नई रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है।
प्रोडक्शन हाउस ने बताया, हमें यह जानकारी भारी मन से शेयर करनी पड़ रही है। 9 जनवरी को रिलीज होने वाली फिल्म जन नायकन को कुछ ऐसे कारणों की वजह से टाल दिया गया है, जो हमारे कंट्रोल में नहीं थे। फिल्म की नई रिलीज डेट की जल्द घोषणा की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि दर्शकों का लगातार सपोर्ट ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और पूरी जन नायकन टीम के लिए यह बहुत मायने रखता है। उन्होंने दर्शकों से धैर्य बनाए रखने और प्यार देने की अपील की है।
खबरों के अनुसार फिल्म की रिलीज से पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने सर्टिफिकेट नहीं दिया था, इसी कारण से ये फैसला लिया गया है। CBFC की जांच कमेटी के पांच सदस्यों में से एक ने बोर्ड के चेयरमैन को शिकायत भेजी थी, जिसमें कहा गया था कि कमेटी द्वारा कुछ कट के साथ U/A 16+ सर्टिफिकेट जारी करने की सिफारिश करने से पहले उनकी आपत्तियों पर विचार नहीं किया गया था।
बता दें कि तमिलनाडु में फिल्म एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी थी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा था। फर्स्ट डे फर्स्ट शो के टिकट कथित तौर पर 5 हजार रुपए तक में बिक रहे थे।
थलपति विजय एक्टिंग करियर से संन्यास लेकर राजनीति में एंट्री कर चुके हैं। वह तमिलगा वेट्री कजगम पार्टी के प्रमुख है। उनकी पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।