थलपति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' को मिला A सर्टिफिकेट, इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक
साउथ सिनेमा के 'थलपति' और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन चुके विजय के फैंस का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। महीनों की अनिश्चितता, सेंसर बोर्ड के साथ लंबी कानूनी लड़ाई और इंटरनेट पर फिल्म लीक होने के बड़े विवाद के बाद, थलपति विजय की 69वीं और आखिरी फिल्म 'जन नायकन' सिनेमाघरों में तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने फिल्म को 'A' (Adults Only) सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है। इसी के साथ तमिल सिनेमा के इतिहास का सबसे बड़ा सेंसर विवाद अब शांत हो गया है। केवीएन प्रोडक्शंस (KVN Productions) के बिजनेस हेड और फिल्म के निर्माता सुप्रित मोहन ने पुष्टि की है कि 'जन नायकन' 24 जुलाई 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मेकर्स ने अंतरराष्ट्रीय वितरकों को स्क्रीन बुक करने के निर्देश दे दिए हैं। कनाडा के 'यॉर्क सिनेमाज' ने तो सोशल मीडिया पर इसका प्रमोशन भी शुरू कर दिया है। यह फिल्म सिर्फ एक सिनेमाई प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि विवादों का चक्रव्यूह बन गई थी।
फिल्म को 9 जनवरी 2026 को पोंगल के मौके पर रिलीज होना था। मेकर्स ने दिसंबर 2025 में ही इसे सेंसर के लिए भेजा था। जांच समिति ने फिल्म के कुछ राजनीतिक दृश्यों और संवेदनशील डायलॉग्स पर आपत्ति जताई। मेकर्स ने बदलाव किए, लेकिन मामला सुलझने के बजाय रिवाइजिंग कमेटी के पास चला गया।
इसके बाद प्रोड्यूसर्स ने मद्रास हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कानूनी दांव-पेंच के कारण फिल्म की रिलीज अनिश्चितकाल के लिए टल गई। विजय के 30 साल से ज्यादा लंबे करियर में यह सिर्फ दूसरी फिल्म है जिसे 'A' सर्टिफिकेट मिला है। इससे पहले साल 2002 में उनकी फिल्म 'भगवती' को एडल्ट रेटिंग मिली थी।
निर्देशक एच. विनोथ ने फिल्म को पूरी तरह थलपति विजय के सिग्नेचर स्टाइल में बनाया है, जिसका कुल रनटाइम 3 घंटे 3 मिनट है। यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक अनोखा रिकॉर्ड बनाने जा रही है। Jana Nayagan थलपति विजय के अभिनय करियर की आखिरी फिल्म है। दिलचस्प बात यह है कि सेंसर विवाद के कारण हुई 7 महीने की देरी की वजह से, यह फिल्म अब तब रिलीज हो रही है जब विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल चुके हैं। सिनेमा के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब किसी सिटिंग चीफ मिनिस्टर की बतौर लीड एक्टर कोई फिल्म थियेटर्स में आ रही है।
यह फिल्म 2023 की तेलुगु हिट 'भगवंत केसरी' का ऑफिशियल पार्शियल रीमेक है, जिसमें विजय एक पूर्व पुलिस अधिकारी और विजिलेंटे की भूमिका में हैं। फिल्म में विलेन के रूप में बॉबी देओल नजर आएंगे। उनके अलावा पूजा हेगड़े, ममीथा बैजू, प्रकाश राज, प्रियंमणी और गौतम वासुदेव मेनन जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं, जबकि म्यूजिक रॉकस्टार अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है।

