थलपति विजय की 'जन नायकन' रिलीज से पहले लीक, मेकर्स ने उठाया सख्त कदम
साउथ सुपरस्टार थलपति विजय के फैंस के लिए समय थोड़ा कठिन चल रहा है। एक तरफ जहां उनकी आखिरी फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज का बेसब्री से इंतजार हो रहा है, वहीं दूसरी ओर फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्यों के इंटरनेट पर लीक होने की खबर ने मेकर्स और प्रशंसकों की रातों की नींद उड़ा दी है।
'जन नायकन' फिल्म के पांच मिनट से अधिक के फुटेज ऑनलाइन लीक हो गए हैं। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस, KVN Productions LLP ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कानूनी नोटिस जारी किया है। फिल्म के दृश्यों के सोशल मीडिया पर वायरल होने के तुरंत बाद, प्रोडक्शन हाउस की कानूनी टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी किया।
नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि फिल्म 'जन नायकन' के कुछ दृश्यों को अवैध रूप से एक्सेस, डाउनलोड और साझा किया गया है। लीगल टीम ने चेतावनी दी है कि व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स, यूट्यूब या किसी भी टॉरेंट वेबसाइट के जरिए लीक क्लिप साझा करना एक गंभीर आपराधिक अपराध है। ऐसा करने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत रूप से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने यह भी बताया कि उन्होंने पहले ही उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है जिसने सबसे पहले इन दृश्यों को डाउनलोड और फॉरवर्ड किया था। मेकर्स ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इस फिल्म को बनाने में सैकड़ों करोड़ रुपये निवेश किए गए हैं। फिल्म की थियेट्रिकल वैल्यू, सैटेलाइट राइट्स और ओटीटी डील सीधे तौर पर इसके कंटेंट की सुरक्षा पर निर्भर करती है।
'जन नायकन' विजय के करियर की 69वीं और आखिरी फिल्म है, क्योंकि इसके बाद वे पूर्णकालिक राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। ऐसे में इस फिल्म का व्यावसायिक रूप से सफल होना पूरी टीम के लिए बेहद जरूरी है।'जन नायकन' को पहले 9 जनवरी 2026 को रिलीज किया जाना था, लेकिन फिल्म सेंसर बोर्ड (CBFC) के साथ विवादों में फंस गई।
निर्देशक एच. विनोथ के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक हाई-ऑक्टेन एक्शन-थ्रिलर है। फिल्म में थलपति विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, प्रकाश राज और प्रियामणि अहम किरदार में हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें