1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. Telugu Actor K Bharath Kanth and his friend Dies In A Road Accident In Hyderabad
Last Modified: सोमवार, 11 मई 2026 (12:16 IST)

भीषण सड़क हादसे में साउथ एक्टर भरत कांत का निधन, दोस्त की भी गई जान

K Bharath Kant death
तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। तेलुगु फिल्मों के उभरते हुए अभिनेता और मशहूर डिजिटल कंटेंट क्रिएटर के. भरत कांत का हैदराबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया है। भरत कांत के साथ उनक दोस्त सिनेमेटोग्राफर और यूट्यूब आर्टिस्ट जी. साई त्रिलोक का भी इस हादसे में निधन हुआ है। दोनों की उम्र 31 साल थी। 
 
खबरों के अनुसार यह भीषण दुर्घटना हैदराबाद के आउटर रिंग रोड पर एग्जिट नंबर 12 आदिबतला के पास हुई। बताया जा रहा है कि भरत कांत खुद कार चला रहे थे। वह अपने दोस्त साई त्रिलोक के साथ नेल्लोर से हैदराबाद लौट रहे थे। तड़के करीब 3 बजे के आसपास, आदिबतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत उनकी कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे एक बड़े कंटेनर ट्रक से पीछे से जा टकराई। 
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कंटेनर ट्रक के पिछले पहिये तक निकलकर अलग हो गए। दोनों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
 
आदिबतला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और थकान के कारण ड्राइवर का नियंत्रण खोना हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
कौन थे के. भरत कांत?
31 साल के भरत कांत मूल रूप से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के रहने वाले थे। वह पिछले 10 वर्षों से हैदराबाद में रहकर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। भरत ने साल 2024 में आई फिल्म 'टेनेंट' में मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वह 'ग्रामम' और 'गीतांजलि' जैसी वेब सीरीज में भी नजर आए थे।
 
अभिनय के साथ-साथ भरत एक बेहतरीन डांसर और कंटेंट क्रिएटर भी थे। इंस्टाग्राम पर उनके 42 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे। उनके डांस वीडियो और रील्स युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे।
 
भरत कांत के अचानक चले जाने से उनके प्रशंसकों और साथी कलाकारों में भारी शोक है। 'बिग बॉस तेलुगु' फेम और अभिनेत्री अशु रेड्डी ने भरत के निधन पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, यह मेरी व्यक्तिगत क्षति है। मेरा सबसे अच्छा दोस्त, मेरा परिवार और मेरा सहारा अब शिव के पास चला गया है। तुम्हारी मुस्कान हमेशा याद रहेगी।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
सलमान खान की सलाह से लेकर अनीस बज्मी की मंजूरी तक: ऐसे हुई कुब्रा सैत की फिल्म ‘रेडी’ से बड़ी शुरुआत