1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. tamil actress vishnupriya father murdered in kodaikanal
Last Modified: सोमवार, 23 फ़रवरी 2026 (16:10 IST)

साउथ एक्ट्रेस विष्णुप्रिया के पिता की हत्या, बंगले में कुर्सी से बंधा मिला शव

Vishnupriya father murder
तमिल फिल्म इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। तमिल फिल्मों की अभिनेत्री विष्णुप्रिया के पिता सूर्यनारायणन की कोडाइकनाल स्थित एक प्राइवेट बंगले में हत्या कर दी गई। इस वारदात ने शांत माने जाने वाले इस हिल स्टेशन में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
 
खबरों के अनुसार पुलिस को सूर्यनारायणन का शव अपने बंगले में एक कुर्सी पर मिला। उनके हाथ रस्सी से बंधे थे और मुंह पर टेप चिपका हुआ था। प्रारंभिक जांच में यह मामला सोची-समझी साजिश का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से सोने के गहने और सीसीटीवी हार्ड डिस्क गायब मिली है, जिससे लूट और साजिश—दोनों एंगल पर जांच जारी है।
 
यह बंगला कुरिंजी अंदावर मंदिर के पास स्थित है और इसके कुछ कमरे पर्यटकों को किराए पर दिए जाते थे। पुलिस को शक है कि हाल ही में यहां ठहरे कुछ युवक इस घटना में शामिल हो सकते हैं। बंगले के दो कर्मचारी भी रस्सियों से बंधे मिले। पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है। 
 
अधिकारियों का मानना है कि वारदात को अंजाम देने वालों ने पहले कर्मचारियों को काबू में किया और फिर घटना को अंजाम दिया। जांच एजेंसियां इस हत्या को साल 2018 में हुए एक चर्चित हत्याकांड से भी जोड़कर देख रही हैं। उस समय विष्णुप्रिया के करीबी मित्र प्रभाकरन की हत्या के आरोप में सूर्यनारायणन को गिरफ्तार किया गया था। प्रभाकरन का शव कोडाइकनाल के जंगल क्षेत्र में मिला था।
 
बताया जाता है कि प्रभाकरन और विष्णुप्रिया के बीच बढ़ती नजदीकियों को लेकर पारिवारिक विवाद था। उसी मामले में सूर्यनारायणन पर साजिश रचने का आरोप लगा था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी और मामला अब भी न्यायालय में लंबित है।
 
कौन हैं विष्णुप्रिया?
चेन्नई निवासी विष्णुप्रिया ने 2005 में अभिनेता सूर्या की फिल्म मायावी में काम किया था। इसके बाद उन्होंने कुछ अन्य तमिल प्रोजेक्ट्स में भी अभिनय किया। वह ज्यादातर सहायक भूमिकाओं में नजर आती हैं। 
ये भी पढ़ें
अनुपमा ने खोला बेटे-बहू का राज, बुजुर्गों से बुरा व्यवहार करने पर सुनाई खरी-खोटी