तमन्ना भाटिया के आइटम सॉन्ग 'आज की रात' ने बनाया रिकॉर्ड, यूट्यूब पर मिले 1 बिलियन व्यूज
बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने एक्टिंग के अलावा अपने आइटम नंबर से भी खास पहचान बनाई है। तमन्ना ने कई हिट आइटम सॉन्ग में अपने डांस का तड़का लगाया है। इन्हीं में से एक गाना 'आज की रात' भी है। इस गाने में तमन्ना ने अपने सिजलिंग डांस मूव्स से आग लगा दी थी।
वहीं अब 'आज की रात' गाने ने एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस गाने ने यूट्यूब पर ऑफिशियली 1 बिलियन यानी 100 करोड़ व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है। इस उपलब्धि पर तमन्ना भाटियाने खुशी जाहिर की है।
तमन्ना ने जताया फैंस का आभार
तमन्ना भाटिया ने गाने की शूटिंग के क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। वीडियो में तमन्ना कोरियोग्राफर विजय गांगूली और टीम के सदस्यों के साथ नजर आ रही हैं। वीडियो में डांस परफॉर्म करते भी दिख रही हैं।
इसके साथ तमन्ना ने कैप्शन में लिखा, 'पहले व्यू से लेकर 1 बिलियन व्यूज तक। आप सभी के प्यार के लिए शुक्रिया।' इस अचीवमेंट पर फैंस और सेलेब्स तमन्ना को बधाई दे रहे हैं।
बता दें कि 'आज की रात' गाना फिल्म 'स्त्री 2' का है। इस आइटम डांस को तमन्ना भाटिया पर फिल्माया गया है। गाने को मधुबंती बागची और दिव्या कुमार ने गाया है। इसे अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखा और सचिन-जिगर ने म्यूजिक दिया है।