प्राइम वीडियो की लेटेस्ट ओरिजिनल फिल्म 'सिस्टम' दुनिया भर में इस हफ्ते प्राइम वीडियो पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश ओरिजिनल फिल्म बनकर उभरी है। 22 मई को रिलीज होने के बाद से ही, इस हिंदी फिल्म ने धमाल मचाते हुए 26 देशों में 'टॉप 10' टाइटल्स की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है।
भारत सहित दुनिया भर के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम हो रही 'सिस्टम' ने अपनी शानदार कहानी, कड़क किरदारों और भावनाओं से भरपूर स्क्रीनप्ले के दम पर दर्शकों के दिलों को सीधे छू लिया है। सोनाक्षी सिन्हा, ज्योतिका और बाकी कलाकारों की दमदार परफॉर्मेंस से सजी 'सिस्टम' बहुत ही कम समय में इस प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा चर्चा बटोरने वाली फिल्म बन गई है।
प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स डायरेक्टर और हेड, निखिल मधोक ने कहा, 'सिस्टम' की सफलता यह साबित करती है कि दर्शकों के बीच गहरी और बहुआयामी महिला किरदारों वाली दमदार व भावनात्मक कहानियों की मांग लगातार बढ़ रही है। प्राइम वीडियो पर हम हमेशा ऐसी कहानियों को पेश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो महिलाओं की जटिलता, ताकत, संवेदनशीलता और उनकी व्यक्तिगत पहचान को केंद्र में रखती हैं।
उन्होंने कहा, 'सिस्टम' के लिए बवेजा स्टूडियोज और अश्विनी अय्यर तिवारी के साथ काम करना एक बेहद शानदार और फायदेमंद अनुभव रहा, जिसने सच्ची और प्रभावशाली कहानी कहने के हमारे एक जैसे जुनून को एक साथ लाने का काम किया। एक कहानीकार के रूप में अश्विनी के अनोखे अंदाज़ और संवेदनशीलता ने, टीम के रचनात्मक विज़न के साथ मिलकर एक ऐसी फिल्म को आकार दिया जो जितनी व्यक्तिगत लगती है, उतनी ही वैश्विक स्तर पर भी अपनी गूंज छोड़ती है।
निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी ने कहा, एक फिल्ममेकर के तौर पर, मैंने जो भी कहानी आज तक कही है, वह मेरे लिए एक साहस का काम रही है। ये ऐसी कहानियां हैं जो मुझे रचनात्मक रूप से प्रेरित करती हैं, सीमाओं को तोड़ती हैं और मुझे पूरी ईमानदारी व प्रामाणिकता के साथ अपने हुनर को और निखारने की चुनौती देती हैं। 'सिस्टम' को मिल रहे इस बेइंतहा प्यार और सराहना के लिए मेरे मन में असीम कृतज्ञता है।
निर्माता और लेखक हरमन बवेजा ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा, एक लेखक और निर्माता के रूप में, इससे बड़ा रोमांच और कोई नहीं हो सकता कि जिस कहानी पर आपने इतना गहरा भरोसा किया, वह सीमाओं को पार कर वैश्विक स्तर पर दर्शकों के दिलों को छू रही है। निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी, प्राइम वीडियो की बेहतरीन टीम, और सोनाक्षी सिन्हा, ज्योतिका व आशुतोष गोवारिकर के नेतृत्व वाली हमारी अद्भुत स्टारकास्ट के साथ-साथ क्रू के हर एक सदस्य को मेरा ढेर सारा प्यार, जिन्होंने इस फिल्म में अपना सब कुछ झोंक दिया।
'बवेजा स्टूडियोज' के बैनर तले निर्मित इस फिल्म का निर्देशन अश्विनी अय्यर तिवारी ने किया है और इसका निर्माण पम्मी बवेजा, हरमन बवेजा व स्मिता बालिगा ने किया है। इस बेहतरीन फिल्म की पटकथा को हरमन बवेजा, अरुण सुकुमार, अश्विनी अय्यर तिवारी, तस्नीम लोखंडवाला और अक्षत घिल्डियाल ने मिलकर लिखा है।