1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. sunny leone cid notice shivam associates 2400 crore investment scam

2400 करोड़ निवेश घोटाले से जुड़ा सनी लियोनी का नाम, CID ने भेजा नोटिस

Sunny Leone CID notice
बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी इस समय मुश्किलों का सामना कर रही हैं। कर्नाटक और महाराष्ट्र में तहलका मचाने वाले 2,400 करोड़ रुपए के 'शिवम एसोसिएट्स' निवेश घोटाले की आंच अब सनी लियोनी तक पहुंच गई है। एक्ट्रेस को कर्नाटक पुलिस के अपराध जांच विभाग (CID) ने एक आधिकारिक नोटिस जारी किया है। 
 
सीआईडी की एक टीम ने इस मामले में सनी लियोनी से पूछताछ कर वित्तीय लेन-देन से जुड़ी अहम जानकारियां मांगी हैं। हालांकि, इस खबर के सामने आते ही सीआईडी के वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि सनी लियोनी पर किसी भी तरह की धोखाधड़ी या आपराधिक संलिप्तता का आरोप नहीं है। उन्हें यह नोटिस केवल निवेशकों के पैसे के प्रवाह को ट्रैक करने और एक फिल्म के लिए हुए भुगतान की पुष्टि करने के लिए भेजा गया है।
यह पूरा मामला साल 2023 में रिलीज हुई कन्नड़ फिल्म 'चैंपियन' से जुड़ा हुआ है। इस फिल्म के निर्माता शिवानंद नीलन्नवर हैं, जो इस पूरे घोटाले के मुख्य आरोपी और शिवम एसोसिएट्स के प्रमोटर हैं।
 
जांच अधिकारियों के अनुसार, सनी लियोनी ने इस फिल्म के एक मशहूर आइटम सॉन्ग ‘डिंगारा बिल्ली नानु’ में परफॉर्म किया था। इस गाने के लिए उन्हें लगभग 1 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया था। सीआईडी अब इसी बात की फोरेंसिक जांच कर रही है कि क्या अभिनेत्री को दी गई यह भारी-भरकम रकम आम जनता और छोटे निवेशकों से ठगे गए पैसों का हिस्सा थी। अभिनेत्री से इस ट्रांजैक्शन की प्रकृति, अनुबंध और भुगतान के माध्यम से जुड़े दस्तावेज पेश करने को कहा गया है।
40 हजार से अधिक लोग शिकार
बेलगावी स्थित शिवम एसोसिएट्स और उसके मालिक शिवानंद नीलन्नवर पर बिना किसी कानूनी मंजूरी के अवैध डिपॉजिट और इन्वेस्टमेंट स्कीम्स चलाने का आरोप है। आरबीआई से बिना किसी लाइसेंस के, इस फर्म ने लोगों को 36% से लेकर 60% तक का सालाना रिटर्न देने का लालच दिया।
 
यह पूरी तरह से एक 'पोंजी स्कीम' की तरह काम कर रही थी, जहां पुराने निवेशकों को मुनाफा दिखाने के लिए नए निवेशकों से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल किया जाता था। इस झांसे में आकर कर्नाटक और सीमा पार महाराष्ट्र के लगभग 40,700 छोटे और मध्यम वर्गीय निवेशकों ने अपनी गाढ़ी कमाई इस फर्म में लगा दी।
 
इस फंड का इस्तेमाल कई अन्य कलाकारों, अभिनेत्रियों और क्रू मेंबर्स को भुगतान करने के लिए भी किया गया था, इसलिए आने वाले दिनों में मनोरंजन जगत की कुछ और मशहूर हस्तियों को भी सीआईडी का नोटिस मिल सकता है। फिलहाल, सीआईडी ने कंपनी के 30 से अधिक बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
30 स्टार्स, 1 जंगल और ढेर सारा पागलपन, अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' का मजेदार ट्रेलर रिलीज