सनी देओल की फिल्म 'सूर्या' को दिल्ली हाईकोर्ट से मिली राहत, रिलीज रोकने वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार
बॉलीवुड एक्टर सनी देओल की अपकमिंग फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' को लेकर चल रहे अदालती विवाद में दिल्ली उच्च न्यायालय से निर्माताओं को बड़ी राहत मिली है। अदालत ने फिल्म के ट्रेलर में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ हिंसा दिखाए जाने के बाद इसकी रिलीज रोकने की मांग करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है।
अब हाईकोर्ट ने इस जनहित याचिका पर विचार करने से साफ इंकार कर दिया है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन सांब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि डॉक्टर समुदाय की ओर से ऐसा ही एक मामला पहले से ही एकल पीठ के समक्ष लंबित है।
अदालत ने टिप्पणी की कि जब एक ही मुद्दे पर दूसरी अदालत में पहले से विचार किया जा रहा हो, तो एक ही विषय पर अलग-अलग याचिकाओं की सुनवाई का कोई औचित्य नहीं बनता। उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया, "हम इस जनहित याचिका पर विचार करने का कोई कारण नहीं देखते हैं, क्योंकि इस मुद्दे पर डॉक्टर समुदाय की ओर से पहले ही ध्यान दिया जा चुका है।"
डॉक्टरों और IMA प्रतिनिधियों का क्या था ऐतराज?
यह याचिका 'ऑल इंडिया डॉक्टर्स' के कानूनी प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष नचिकेता भाटिया और 'इंडियन मेडिकल एसोसिएशन' (IMA) के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. ध्रुव चौहान द्वारा संयुक्त रूप से दायर की गई थी। याचिकाकर्ताओं का मुख्य विरोध फिल्म के आधिकारिक टीजर में दिखाए गए कुछ दृश्यों और संवादों को लेकर था।
भ्रष्टाचार के आरोप: टीजर में स्वास्थ्य संस्थानों में अत्यधिक बिलिंग, अनावश्यक पैथोलॉजी टेस्ट और कमीशन-आधारित दवाओं के नुस्खे लिखकर मरीजों के आर्थिक शोषण की बात कही गई है।
हिंसा को बढ़ावा: याचिका में आरोप लगाया गया कि फिल्म में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ शारीरिक हिंसा को सही और 'नायकत्व' के रूप में पेश किया गया है।
सिस्टम पर सवाल: याचिकर्ता के अनुसार, ये संवाद किसी व्यक्तिगत भ्रष्टाचार की बजाय पूरे देश के मेडिकल सिस्टम को संदिग्ध और भ्रष्ट दिखाने का काम करते हैं, जिससे जनता का स्वास्थ्य सेवाओं से भरोसा उठ सकता है और फ्रंटलाइन हेल्थकेयर वर्करों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
एकल पीठ में मामला जारी, 16 नवंबर को अगली सुनवाई
भले ही मुख्य पीठ ने समानांतर याचिका को खारिज कर दिया हो, लेकिन इस मामले पर कानूनी संकट पूरी तरह टला नहीं है। इससे पहले न्यायमूर्ति अमित महाजन की एकल पीठ ने चार डॉक्टरों द्वारा दायर इसी तरह की एक अन्य याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार और सेंसर बोर्ड को नोटिस जारी किया था।
एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी यह क्राइम-थ्रिलर फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए शेड्यूल है। ऐसे में 16 नवंबर को होने वाली सुनवाई फिल्म की रिलीज से ठीक चार दिन पहले बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

