1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. SS Rajamouli film Varanasi to Feature 30 Minute Ram vs Kumbhakarna War Scene

'वाराणसी' में दिखेगा महायुद्ध, भगवान राम और कुंभकर्ण के बीच होगा 30 मिनट का ऐतिहासिक टकराव!

SS Rajamouli
दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली जब भी कोई नया प्रोजेक्ट लाते हैं, तो वह सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक ऐतिहासिक उत्सव बन जाता है। 'बाहुबली' और 'आरआरआर' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने के बाद, राजामौली अब सुपरस्टार महेश बाबू के साथ अपनी अगली महात्वाकांक्षी फिल्म 'वाराणसी' को लेकर सुर्खियों में हैं।
 
हाल ही में इस फिल्म को लेकर एक ऐसी बेहद रोमांचक जानकारी सामने आई है, जिसने सिनेमा प्रेमियों की बेसब्री और बढ़ा दी है। 'वाराणसी' के लेखक और एसएस राजामौली के पिता विजयेंद्र प्रसाद ने एक इवेंट के दौरान फिल्म के सबसे बड़े सरप्राइज पर से पर्दा उठा दिया है। 
विजयेंद्र प्रसाद ने इस बात पर मुहर लगा दी है कि 'वाराणसी' में रामायण के सबसे भीषण और प्रसिद्ध युद्धों में से एक—भगवान राम और महाबली कुंभकर्ण का युद्ध दिखाया जाएगा। यह कोई सामान्य या छोटा-मोटा एक्शन सीन नहीं होने वाला है। विजयेंद्र प्रसाद के अनुसार, थिएटर्स में दर्शकों के रोंगटे खड़े करने वाला यह सीक्वेंस पूरे 30 मिनट का एक ग्रैंड विजुअल स्पेक्टेकल होगा। 
 
इस सीन में भगवान हनुमान की विशाल पूंछ, अलौकिक रथ और पौराणिक अस्त्र-शस्त्रों का ऐसा संयोजन देखने को मिलेगा जो दर्शकों को पूरी तरह हैरान कर देगा। इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर यह कयास भी तेज हो गए हैं कि क्या फिल्म की कहानी में 'टाइम ट्रैवल' या विभिन्न टाइम ज़ोन का कोई अनोखा तड़का लगाया गया है।
 
फिल्म में भगवान राम (रुद्र) के मुख्य किरदार में महेश बाबू नजर आएंगे, यह बात पहले ही साफ हो चुकी थी। वहीं अब चल रही खबरों के अनुसार, इस 30 मिनट के महायुद्ध में उनके सामने कुंभकर्ण के रूप में दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन नजर आने वाले हैं।
 
60 दिनों की कड़ी मेहनत 
इस ऐतिहासिक वॉर सीक्वेंस को फिल्माना राजामौली की टीम के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती थी। निर्देशक ने बताया कि इस पूरे 30 मिनट के सीक्वेंस को लगातार 60 दिनों तक शूट किया गया है। राजामौली ने कहा, इसे फिल्माना हर दिन एक नई चुनौती की तरह था। इसका हर एक सब-एपिसोड अपने आप में एक पूरी फिल्म जैसा महसूस हो रहा था, जिसके लिए हमें हर चीज को बिल्कुल नए सिरे से सोचना और डिजाइन करना पड़ा। यह मेरे और महेश बाबू, दोनों के ही करियर के सबसे यादगार और मील के पत्थर साबित होने वाले सीन्स में से एक होगा।
इस फिल्म की एक और बड़ी यूएसपी वैश्विक स्टार प्रियंका चोपड़ा जोनास हैं, जो इस प्रोजेक्ट में 'मंदाकिनी' का बेहद अहम किरदार निभा रही हैं। इस फिल्म के जरिए प्रियंका लंबे समय बाद भारतीय सिनेमा के बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। हॉलीवुड स्तर की तकनीक, वीएफएक्स और वी. विजयेंद्र प्रसाद की बेहतरीन कहानी से सजी फिल्म 'वाराणसी' को लेकर दर्शकों के बीच अभूतपूर्व क्रेज बना हुआ है। 
 
यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में कई भाषाओं में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। राजामौली की यह पैन-वर्ल्ड एडवेंचर फिल्म भारतीय पौराणिक कथाओं और आधुनिक सिनेमाई तकनीक का एक ऐसा बेजोड़ नमूना होने वाली है, जो बॉक्स ऑफिस के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त करने का दम रखती है।
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'कॉकटेल 2' को हां बोलने से डर रही थीं रश्‍मिका मंदाना, फिल्म में दिखेगा अब तक का सबसे मॉडर्न और बोल्ड किरदार